अमेठी सिटी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार से अर्धवार्षिक लिखित परीक्षा शुरू हो गई है। परीक्षा के दौरान बच्चों को कॉपी तो उपलब्ध करा दी गई, लेकिन प्रश्न उन्हें ब्लैक बोर्ड से नकल करने पड़े। ऐसे में सबसे पहले कॉपी में प्रश्न लिखे गए, बाद में जवाब देने की बारी आई। प्रश्नों की संख्या ब्लैक बोर्ड पर एक बार में नहीं पूरी हुई तो आधे लिखकर मिटाए गए गया, उसके बाद दोबारा लिखे गए। वहीं कुछ विद्यालयों में दो ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखे गए। कुछ जगहों पर प्रश्न बोल कर भी लिखाए गए।
जिला मुख्यालय गौरीगंज के कंपोजिट विद्यालय पचेहरी में अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान दो ब्लैक बोर्ड पर प्रश्न लिखे गए। इसके बाद बच्चों ने उसे हल किया। प्रधानाध्यापक रमाशंकर यादव ने बताया कि कॉपी विद्यालय की ओर से उपलब्ध करा दी गई हैं, वहीं प्रश्न श्यामपट पर लिख दिए गए हैं। जिले के अन्य विद्यालयों में भी अर्धवार्षिक परीक्षा इसी पैटर्न पर हुई। 28 दिसंबर तक परीक्षा संपन्न होने के बाद 29 को कॉपी चेक जाएंगी व 30 दिसंबर को रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा।
बच्चों ने फर्श पर बैठकर दी परीक्षा
अमेठी। प्राथमिक विद्यालय अमेठी द्वितीय में शिक्षिका ने बच्चों को कॉपी वितरित कर नाम लिखने का तरीका बताया। उन्होंने बताया कि संस्कृत का पेपर चल रहा है। 39 बच्चे नामांकित हैं, जिसमें तीन बच्चे नहीं आए। पेपर देते समय बच्चे फर्श पर ठंड से परेशान दिखे। दोपहर एक बजे प्राथमिक विद्यालय खेरौना में शिक्षक बच्चों को पेपर दिला रहे थे। चौथी कक्षा के 19 बच्चों के सापेक्ष 17 बच्चे शामिल हुए। उच्च प्राथमिक विद्यालय अमेठी में प्रधानाध्यापक गीता ओझा ने बताया कि कक्षा सात में संस्कृत पेपर के लिए कॉपी वितरित की गई है। शिक्षिका ने बताया पेपर कराया जा रहा है। दो बच्चे किसी कारणवश नहीं आए। उनके घर संपर्क किया जा रहा है।
शामली कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करते बसपा कार्यकर्ता । संवाद