रीवा में आई बाढ़ ने आम से लेकर खास तक, किसी को नहीं छोड़ा। गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह भी बीहर नदी किनारे स्थित अपने निजी आवास में 18 घंटे से अधिक समय तक बाढ़ के पानी में फंसे रहे। बाढ़ का पानी कम होने के बाद अब विधायक के आवास में सफाई का काम शुरू कर दिया गया है।
बाढ़ के दौरान विधायक अपने आवास की दूसरी मंजिल पर रहे। ग्राउंड फ्लोर और घर के आसपास काफी पानी भर गया था। बारिश थमने और बीहर नदी का जलस्तर धीरे-धीरे सामान्य होने के बाद पानी कम हुआ, जिसके बाद विधायक नीचे उतर सके। पानी उतरने के बाद घर में जगह-जगह गंदगी और मलबा जमा नजर आया।
पढे़ं: मिड-डे मील खाते ही फूड पॉइजनिंग का शिकार हुए बच्चे, सरकारी स्कूल की व्यवस्था सवालों के घेरे में
अतिक्रमण और पुलों की डिजाइन पर उठाए सवाल
बाढ़ की स्थिति को लेकर विधायक नागेंद्र सिंह ने शहर और आसपास के इलाकों में हुए अतिक्रमण को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने रीवा में हाल ही में बनाए गए पुलों की ऊंचाई और डिजाइन पर भी सवाल उठाए।
विधायक का कहना है कि नए पुलों की ऊंचाई पुराने पुलों की तुलना में कम होने के कारण पानी के बहाव में रुकावट पैदा हुई। उनका दावा है कि बीहर नदी में अचानक बढ़े जलप्रवाह के चलते पानी की निकासी प्रभावित हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी। फिलहाल बाढ़ का पानी उतरने के बाद विधायक के आवास की साफ-सफाई शुरू कर दी गई है। घर के अंदर और आसपास गंदगी व मलबा जमा होने से सफाई में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है।