मध्य प्रदेश के खंडवा में मोघट थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर पांच हथियारबंद बदमाशों ने लूट की कोशिश की। हालांकि, व्यापारियों के साहस और संघर्ष के कारण बदमाश अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके। हमले और छीना-झपटी में दोनों व्यापारी घायल हो गए। पुलिस बदमाशों की पहचान और धरपकड़ के लिए जांच कर रही है।
दुकान से लौटते वक्त हुआ अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, शहर के गोल्डन बूट हाउस से जुड़े सिंधी समाज के दो व्यापारी भगवानदास हेमनानी और उनके मित्र अमरलाल कोटवानी सोमवार देर रात दुकान से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने की कोशिश की।
घायल भगवानदास के छोटे भाई परमानंद हेमनानी ने बताया कि रात करीब 10:35 से 11:30 बजे के बीच मोघट थाने के सामने और नगर निगम आयुक्त के बंगले के पीछे से गुजरते समय एक गाड़ी अचानक उनके सामने आकर रुकी। गाड़ी से पांच बदमाश उतरे और दोनों व्यापारियों पर हमला कर दिया।
पढ़ें: सागर एसपी पद से हटाए जाने के चार दिन बाद आईपीएस सुजानिया का इस्तीफा, सीएम की पुलिस मुख्यालय में बैठक
हथियारों से लैस बदमाशों ने किया हमला
बदमाशों के पास लाठी, लोहे की रॉड और कटर जैसे धारदार हथियार थे। उनका मुख्य उद्देश्य व्यापारियों से नकदी और चिल्लर से भरा बैग छीनना था। बदमाशों की मंशा भांपकर दोनों व्यापारियों ने हिम्मत दिखाई और उनका डटकर मुकाबला किया। इस दौरान बदमाशों ने भगवानदास पर कई वार किए, जिससे उनके सिर, सीने और हाथ में गंभीर चोटें आईं। उनके पैर में फ्रैक्चर भी हो गया है। सिर में चार टांके आए हैं। वहीं, अमरलाल के सीने में भी लोहे की किसी चीज से गहरी चोट लगी है।
मदद की गुहार सुनकर जुटे लोग, हथियार छोड़कर भागे बदमाश
हमले के दौरान अमरलाल ने खुद को बचाने के लिए 'बचाओ-बचाओ' चिल्लाना शुरू किया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों की भीड़ जुटती देख बदमाश अपना मंसूबा पूरा किए बिना वहां से भाग निकले। भागते समय बदमाशों का एक धारदार हथियार मौके पर ही गिर गया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।
अस्पताल में चल रहा इलाज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के तुरंत बाद पुलिस दोनों घायलों को मोघट थाने ले गई। वहां से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। परमानंद हेमनानी ने बताया कि हमले के बाद दोनों व्यापारी बेसुध हो गए थे। हालांकि, उनका बैग, मोबाइल और अन्य सामान सुरक्षित मिल गया है। घटना के बाद मौके और अस्पताल में सिंधी समाज के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।