{"_id":"6aef613165eb5e003d0590ad","slug":"cousin-stabbed-his-brother-to-death-khandwa-news-c-1-1-noi1224-4917607-2026-11-07","type":"video","status":"publish","title_hn":"खंडवा में रिश्तों का कत्ल: जिस चचेरे भाई को बचपन से पाला, उसी ने चाकू घोंपकर ले ली जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
खंडवा में रिश्तों का कत्ल: जिस चचेरे भाई को बचपन से पाला, उसी ने चाकू घोंपकर ले ली जान
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। पिपलोद थाना क्षेत्र के पिपलिया कलां गांव में जिस चचेरे भाई को परिवार ने बचपन से बेटे की तरह पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर उसकी हत्या का आरोप है। दीपावली के दौरान शराब पीने के बाद हुए विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे संजू के पेट में चाकू लग गया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी प्रिंस फरार है।
विवाद सुलझाने पहुंचे संजू पर किया चाकू से हमला
मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब आठ बजे की है। बताया जा रहा है कि दीपावली के मौके पर परिवार के लोग एक साथ बैठकर उत्सव मना रहे थे। इसी दौरान शराब पीने के बाद संजू के बड़े भाई और चचेरे भाई प्रिंस (पिता राधेश्याम) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ने लगी। परिवार के अन्य लोगों के साथ संजू भी झगड़ा शांत कराने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा।
पेट में चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ युवक
आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आए प्रिंस ने घर के भीतर से चाकू लाकर हमला कर दिया। बीच-बचाव कर रहे संजू (पिता तुकाराम) के पेट में चाकू लग गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पिपलोद थाना पुलिस पहुंची और घायल संजू को खंडवा जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
आठ माह की गर्भवती पत्नी को नहीं दी गई मौत की खबर
इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक संजू की पत्नी आठ माह की गर्भवती है। बताया जा रहा है कि उसे और संजू की बुजुर्ग मां को फिलहाल उसकी मौत की जानकारी नहीं दी गई है। उन्हें यही बताया जा रहा है कि संजू का अस्पताल में इलाज चल रहा है, ताकि अचानक खबर मिलने से उन्हें गहरा सदमा न पहुंचे।
जिस भाई को बेटे की तरह पाला, उसी पर हत्या का आरोप
इस वारदात की सबसे दर्दनाक बात परिवार का पुराना रिश्ता है। ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी प्रिंस के पिता राधेश्याम का कई साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद संजू, उसके बड़े भाई और पिता तुकाराम ने ही प्रिंस को बचपन से पाल-पोसकर बड़ा किया था। परिवार ने उसे अपने बेटे की तरह रखा। ऐसे में उसी प्रिंस पर संजू की हत्या का आरोप लगने से गांव के लोग स्तब्ध हैं।
प्रेम विवाह को लेकर भी विवाद की बात आई सामने
जानकारी के मुताबिक, संजू ने प्रेम विवाह किया था। इसके चलते ससुराल पक्ष के साथ भी उसका अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, मौजूदा वारदात के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें रवाना
पिपलोद थाना प्रभारी विक्रम धार्वे के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। वारदात के बाद से आरोपी प्रिंस फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें भेजी गई हैं। थाना प्रभारी ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।