मध्यप्रदेश के हरदा जिले में दीपावली की शाम आतिशबाजी के दौरान एक बड़ा अग्निकांड हो गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रीज एरिया में मक्के के भूसे से कोयला बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह दीपावली पर छोड़ा गया एक जला हुआ रॉकेट बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की शाम लोग आतिशबाजी कर रहे थे। इसी दौरान जलने के बाद एक रॉकेट फैक्ट्री परिसर के बाहर रखे मक्के के भूसे पर जा गिरा। भूसा अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण उसमें तत्काल आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर में रखा बड़ी मात्रा में भूसा इसकी चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री संगीता तिवारी के नाम से संचालित है, जहां मक्के के भूसे से कोयला बनाने का काम किया जाता है।
पढे़ं: सिवनी-कटनी अग्निकांड के बाद पटवारी का सरकार पर हमला, बोले- हादसों ने खोल दी अग्निशमन व्यवस्था की पोल
घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग इतनी भीषण थी कि करीब दो घंटे तक लगातार कोशिशों के बावजूद उस पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। जानकारी के अनुसार, अब तक दमकल की करीब 10 गाड़ियां पानी डाल चुकी हैं, लेकिन आग बुझाने का प्रयास जारी है।
घटनास्थल पर एसडीओपी शालिनी परसते, थाना प्रभारी रोशनलाल भारती सहित जिला पुलिस बल मौजूद है। पुलिस और प्रशासन की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल आग से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन नहीं हो सका है। हालांकि, फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में भूसा जलने के कारण लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आंकड़ा सामने आ सकेगा।