हरदा में भाजपा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ 2 नवंबर को पैदल मार्च निकालने का ऐलान किया है। भाजपा इसे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का नाम दे रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि मार्च में करीब 10 हजार लोग शामिल होंगे। संत रविदास चौक से शुरू होने वाले इस मार्च के बाद परशुराम चौक पर जनसभा आयोजित की जाएगी। भाजपा का कहना है कि इस अभियान के जरिए विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया जाएगा।
भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा और मीडिया प्रभारी दीपक नेमा ने कार्यक्रम की जानकारी दी। भाजपा नेताओं के मुताबिक पैदल मार्च में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ विभिन्न समाजों के लोग भी शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें: चीता शावक शिकार कांड का खुलासा: एसटीएफ ने ससुर और दो दामादों समेत तीन को किया गिरफ्तार, बंदूकें बरामद
भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर चुनावी प्रक्रिया, ईवीएम, निर्वाचन आयोग और मतदाता सूची को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में अब तक 11 बार संशोधन किया जा चुका है। भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए सड़क पर उतरकर जवाब देने की बात कही।
कमल पटेल ने कहा कि ‘अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत हरदा में पैदल मार्च निकाला जाएगा। इसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं और नेताओं के अलावा हर समाज के लोगों को पीले चावल देकर आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मार्च के बाद आयोजित जनसभा को पार्टी के वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।