मध्य प्रदेश के बालाघाट शहर के गांगुलपारा क्षेत्र में रविवार दोपहर सड़क हादसे में डीजे वाहन पलट गया। हादसे में वाहन में सवार 13 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालाघाट से बैहर की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान डीजे वाहन भी तेज गति में था। कार को बचाने के प्रयास में डीजे वाहन के चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन सड़क पर पलट गया। वाहन में डीजे के भारी उपकरण भी रखे हुए थे।
घायलों में मुंगेली जिले के अमर रात्रे (23), अजय पटेल (32), संजू खांडे (28), नितेश खांडे (22), संजू पटेल (28), जीतू (38), मंजीत (32), कमलेश साहू, हरीश पटेल, खेमसन पुर्रे, जीतू क्षत्रिय और चालक सिक्कू साहू (38) शामिल हैं।
पढ़ें: 10 की मौत के बाद बंडा अस्पताल पहुंचे सांसद-विधायक और अफसर, मरीजों का जाना हाल
घायल अमर रात्रे ने बताया कि वे सभी जन्माष्टमी कार्यक्रम के विसर्जन के लिए डीजे और उसका सामान लेकर तिरोड़ी जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। इसी दौरान वहां से गुजर रही 108 एंबुलेंस के पायलट रितेश नेवारे और ईएमटी सीमा बागड़े ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।