{"_id":"6ab65b03e35d923dbb0ee24d","slug":"video-asian-games-gold-medalist-suruchi-singh-to-receive-a-grand-welcome-in-her-village-grandmother-to-serve-her-dal-churma-2026-09-25","type":"video","status":"publish","title_hn":"एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट सुरुचि सिंह का गांव में होगा भव्य स्वागत, दादी खिलाएंगी दाल-चूरमा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एशियन गेम्स गोल्ड मेडलिस्ट सुरुचि सिंह का गांव में होगा भव्य स्वागत, दादी खिलाएंगी दाल-चूरमा
एशियन गेम्स 2026 में हरियाणा की बेटी और झज्जर जिले के सासरौली गांव की रहने वाली सुरुचि सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश की झोली में स्वर्ण पदक डालकर प्रदेश और गांव का नाम रोशन किया है। यह एशियन गेम्स में भारत का दूसरा स्वर्ण पदक बताया जा रहा है।
सुरुचि की इस उपलब्धि के बाद सासरौली गांव और उनके परिवार में खुशी का माहौल है। सुरुचि की इस बड़ी सफलता पर परिवार के लोगों ने श्याम बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए करीब पांच किलोमीटर तक पैदल यात्रा की। परिवार के सदस्यों ने निशान लेकर श्याम मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन किए और निशान चढ़ाया। परिवार का कहना है कि श्याम बाबा की कृपा और सुरुचि की कड़ी मेहनत से यह उपलब्धि हासिल हुई है। सुरुचि की मां सुदेश ने कहा कि बेटी ने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर परिवार और गांव को गौरवान्वित किया है। जब वह भारत लौटेगी तो दिल्ली एयरपोर्ट से ही उसका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद ढोल-नगाड़ों के साथ उसे गांव लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सुरुचि को घर का दाल-चूरमा बहुत पसंद है और घर पहुंचने पर उसे चूरमा खिलाकर स्वागत किया जाएगा। उन्होंने अन्य माता-पिता से भी बच्चों को खेलों के लिए प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियां बेटों से कम नहीं हैं और मेहनत का मौका मिलने पर वे देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकती हैं। सुरुचि की दादी छोटा देवी ने भी खुशी जताते हुए कहा कि वह आगे भी इसी तरह मेहनत कर मेडल जीतती रहे। उन्होंने कहा कि सुरुचि को दाल-चूरमा बहुत पसंद है और घर आने पर वह अपने हाथों से उसे चूरमा खिलाएंगी। दादी ने सुरुचि को सोने की चेन देने की बात भी कही।
सुरुचि के छोटे भाई निशांत ने कहा कि बहन की उपलब्धि से पूरा परिवार बेहद खुश है। उसने कहा कि वह खुद भी शूटिंग खेलता है और उसका सपना है कि बहन की तरह वह भी देश के लिए मेडल जीतकर गांव और जिले का नाम रोशन करे। निशांत ने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट से लेकर गांव तक सुरुचि का भव्य स्वागत किया जाएगा।
सुरुचि ने वर्ष 2025 के आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कई स्वर्ण पदक अपने नाम किए थे। एशियन गेम्स से पहले वह वर्ल्ड कप स्तर पर करीब चार से पांच स्वर्ण पदक जीत चुकी थीं। अब एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने अपनी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है। गांव पहुंचने पर ग्रामीण और परिवार के लोग ढोल-नगाड़ों के साथ सुरुचि का भव्य स्वागत करेंगे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।