Hindi News
›
Video
›
Haryana
›
Hisar News
›
Hansi-Rakhigarhi Festival: CM Nayab Saini inaugurates the event; announces a grant of Rs 51 lakh for the village.
{"_id":"6ad61ef6bdd93ef74806581a","slug":"video-hansi-rakhigarhi-festival-cm-nayab-saini-inaugurates-the-event-announces-a-grant-of-rs-51-lakh-for-the-village-2026-10-19","type":"video","status":"publish","title_hn":"हांसी राखीगढ़ी महोत्सव: सीएम नायब सैनी ने किया शुभारंभ, गांव को 51 लाख रुपये देने की घोषणा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हांसी राखीगढ़ी महोत्सव: सीएम नायब सैनी ने किया शुभारंभ, गांव को 51 लाख रुपये देने की घोषणा
हांसी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को नारनौंद क्षेत्र के गांव राखीगढ़ी में सात दिवसीय राखीगढ़ी महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राखीगढ़ी की ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने, इसके संरक्षण, अनुसंधान और पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी केवल पुरातात्विक अवशेषों का स्थल नहीं है, बल्कि भारत की प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक यात्रा का महत्वपूर्ण प्रमाण है। उन्होंने गांव को 51 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इतिहास का महत्व केवल अतीत को जानने तक सीमित नहीं है, बल्कि उससे सीख लेकर भविष्य को बेहतर बनाना भी है। राखीगढ़ी की सुनियोजित बस्तियां हमें अपने गांवों और शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राखीगढ़ी आएं तो केवल तस्वीरें लेकर न लौटें, बल्कि यहां के इतिहास और पुरातात्विक वस्तुओं के बारे में सवाल पूछें, चर्चा करें और जानने का प्रयास करें। सवाल पूछने वाला युवा ही खोजकर्ता बनता है और खोज से नया ज्ञान पैदा होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी के महत्व को देखते हुए हरियाणा सरकार इसके संरक्षण, विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठा रही है। यहां संग्रहालय एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर के निर्माण का सिविल कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अगले चरण में 188 करोड़ रुपये की लागत से इसे विश्वस्तरीय स्वरूप देने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल कराने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य है कि इस ऐतिहासिक स्थल की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो। इसके साथ ही सरस्वती-सिंधु सभ्यता कॉरिडोर विकसित करने की परिकल्पना की गई है, जिससे प्रमुख पुरातात्विक स्थलों के बीच बेहतर संपर्क, पर्यटन सुविधाएं और समन्वित विकास को बढ़ावा मिल सकेगा। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सीएम नायब ने कहा कि पुरातत्वविदों के अनुसार राखीगढ़ी लगभग 550 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है और इसका आकार मोहनजोदड़ो से भी बड़ा बताया जाता है। यह सिंधु घाटी सभ्यता के प्रमुख स्थलों में शामिल है। उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी से प्राप्त पुरातात्विक साक्ष्य प्राचीन नगरीय सभ्यता को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस विरासत का संरक्षण करना और इससे मिलने वाले ज्ञान को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र 'विकास भी, विरासत भी' का उल्लेख करते हुए कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहना भी जरूरी है। देश को विश्वस्तरीय विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक पहचान पर भी गर्व होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को स्थानीय इतिहास और विरासत से परिचित कराएं। विद्यार्थियों को ऐतिहासिक स्थलों और संग्रहालयों का भ्रमण करवाया जाए तथा विद्यालयों में राखीगढ़ी पर प्रश्नोत्तरी, परिचर्चा और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएं। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में युवा राखीगढ़ी के प्रामाणिक इतिहास को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। युवाओं को इस विरासत का केवल दर्शक नहीं, बल्कि इसके प्रभावशाली दूत बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने राखीगढ़ी महोत्सव के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में देश-विदेश के विद्वान राखीगढ़ी से प्राप्त साक्ष्यों, नवीन खोजों और भविष्य में शोध की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे। इससे नए शोध, संस्थागत सहयोग और ज्ञान के व्यापक प्रसार को बढ़ावा मिलेगा तथा राखीगढ़ी की वैश्विक पहचान मजबूत होगी।
उन्होंने हरियाणा के अन्य ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के प्रयासों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि नूंह के पुराने तहसील भवन, लोहारू के किले और तावड़ू के मकबरा परिसर को राज्य संरक्षित स्मारक घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त पंचकूला के सेक्टर-5 में अत्याधुनिक पुरातात्विक संग्रहालय स्थापित किया जा रहा है। प्रदेश की कला एवं सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने के लिए कला एवं संस्कृति नीति तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत हमें अपनी जड़ों से जोड़ती है और जीवन को सही दिशा देने की प्रेरणा देती है। इसी भावना के साथ कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव को मॉरीशस, लंदन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों तक पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं, ताकि हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी महोत्सव का उद्देश्य केवल ऐतिहासिक धरोहर का उत्सव मनाना नहीं, बल्कि युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़ना, शोध को प्रोत्साहित करना, पर्यटन का विस्तार करना और हरियाणा की पहचान को दुनिया तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी का गौरव केवल हरियाणा का गौरव नहीं, बल्कि पूरे भारत की सभ्यतागत विरासत का गौरव है। उन्होंने लोगों से अपनी धरोहर को संजोने, सांस्कृतिक पहचान पर गर्व करने और अपनी मिट्टी से प्रेरणा लेकर समृद्ध एवं सशक्त हरियाणा के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गांव की ओर से उन्हें मांगपत्र भी सौंपा गया है। उन्होंने मांगपत्र में शामिल कार्यों को करवाने का आश्वासन देते हुए गांव के लिए 51 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस राशि में से वाल्मीकि धर्मशाला के निर्माण के लिए भी पैसा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने महोत्सव के आयोजन में योगदान देने वाले सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।