{"_id":"67703250eb6859ffc90b9cd2","slug":"transport-services-became-hi-tech-passengers-got-better-journey-through-flight-balrampur-news-c-99-1-brp1008-118928-2024-12-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"परिवहन 2024 :: हाईटेक हुईं परिवहन सेवाएं, यात्रियों को बेहतर सफर से साथ मिली उड़ान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
परिवहन 2024 :: हाईटेक हुईं परिवहन सेवाएं, यात्रियों को बेहतर सफर से साथ मिली उड़ान
बलरामपुर। यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा के लिए परिवहन सेवाओं को हाईटेक किया गया है। श्रावस्ती हवाई अड्डे का विस्तार बलरामपुर जिले में भी किया जा रहा है। रनवे के लिए जिले के दो गांवों में जमीन अधिग्रहीत की गई है। उड़ान शुरू होने से स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सहूलियत मिल रही है। रेलवे क्षेत्र में भी सुविधाएं बढ़ाई गईं हैं। जिले के दो रेलवे स्टेशनों को आधुनिक संसाधनों से लैस करते हुए सिटी सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। रोडवेज की सेवाओं में भी विस्तार हुआ है। -------------------------- शुरू हुई सेवा, हवाई अड्डे का हो रहा विस्तार -श्रावस्ती एयरपोर्ट का विस्तार जिले में भी किया जा रहा है। कॉमन एयरपोर्ट के लिए जिले के दो गांव बगाही व एलहवा में 350 किसानों से 40.50 हेक्टेयर जमीन खरीदी गई है। इस जमीन पर एयरपोर्ट का रनवे तैयार किया जाएगा। एयरपोर्ट से इसी साल हवाई सेवा भी शुरू कर दी गई है। जिले के लोग प्लेन से आधे घंटे के अंदर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंच रहे हैं। ------------------------- सिटी सेंटर के रूप में विकसित हुए दो रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के अन्तर्गत अगले 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर 17.66 करोड़ से जिले के दो स्टेशनों को विकसित किया गया है। बलरामपुर व तुलसीपुर रेलवे स्टेशन सिटी सेंटर के रूप में विकसित किए गए हैं। इन स्टेशनों पर बिल्डिंग में सुधार, एकीकृत मल्टी मॉडल कनेक्टविटी, दिव्यांगजनों के अनुकूल सुविधाएं, पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था, रूफ प्लाजा के साथ ही अन्य कार्य कराए गए हैं। प्लेटफार्म सरफेस का अपग्रेडेशन, स्टेशन को विकसित कराया गया। स्टेशन परिसर में उन्नत लाईटिंग, कोच गाइडेंस सिस्टम, ट्रेन डिस्पले बोर्ड, डिजिटल घड़ियों, यात्री उद्घोषणा प्रणाली, सोलर प्लांट, वाटर कूलर, एयर कंडीशनर तथा विभिन्न यात्री सुविधाओं से संबंधित ग्लोसाइन बोर्ड (साइनएज), एलईडी स्टेशन नाम पट्टिकाओं एवं स्टेशन पर स्थित यात्री प्रतीक्षालय व शौचालयों का आधुनिकीकरण किया गया है। --------------------------- उत्पादों एवं हस्तशिल्पों को मिलेगा बढ़ावा पूर्वोत्तर रेलवे ने अमृत भारत के तहत दीर्घकालिक दृष्टिकोण से स्टेशनों के विकास की परिकल्पना तैयार की गई। स्टेशन पर आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए काम किया गया। स्टेशन तक पहुंचने का मार्ग, सर्कुलेटिंग एरिया, वेटिंग हॉल, प्रसाधन केंद्र, लिफ्ट/एस्केलेटर, निशुल्क वाई-फाई, एक स्टेशन एक उत्पाद योजनाओं के माध्यम से स्थानीय उत्पादों एवं हस्तशिल्पों को बढ़ावा मिलेगा।
--------------------------- देवीपाटन व श्रावस्ती की है अंतरराष्ट्रीय पहचान -शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर तथा बौद्ध तीर्थ स्थल श्रावस्ती की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। चैत्र व शारदीय नवरात्र में शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर में मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना करने देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन हर साल होता है। श्रावस्ती को सहेट-महेट के नाम से भी जाना जाता है। श्रावस्ती में हर साल श्रीलंका, जापान, कोरिया, कंबोडिया, वर्मा, तिब्बत, थाईलैंड, इंडोनेशिया, भूटान, म्यामांर, सिंगापुर, चीन व नेपाल सहित 36 देशों के श्रद्धालु गंधकुटी (बुद्ध की कुटिया) एवं आनंदबोधि वृक्ष पर ध्यान व जप के लिए आते हैं। दोनों स्टेशनों पर सुविधाएं बढ़ने से देश-विदेश के लोगों को लाभ मिलेगा। ---------------------------- नई रेल लाइन बिछाने के लिए शीघ्र शुरू होगी भूमि खरीद -आजादी के 77 साल बाद बलरामपुर से बहराइच-खलीलाबाद तक लोगों को अब रेल से सफर करने की सौगात शीघ्र मिलने की उम्मीद है। खलीलाबाद से बहराइच रेल लाइन परियोजना (स्पेशल प्रोजेक्ट) के तहत पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर से बलरामपुर के सदर व उतरौला तहसील के गांवों में भूमि अधिग्रहण के लिए योजना तैयार की गई है। तहसील उतरौला में 35 और सदर में 31 गांवों से होकर नई रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण होना है। रेलवे ने दोनों तहसीलों के 42 गांवों में 257.92 हेक्टेयर भूमि खरीदने के लिए आकलन जारी कर दिया है। वर्ष 2018-19 की नई रेल लाइन परियोजना जिले में अब धरातल पर उतरने लगी है। किसानों से भूमि खरीदने के लिए रेल मंत्रालय ने 10 करोड़ रुपये आवंटित किया है। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के अपर मुख्य इंजीनियर ने किसानों से भूमि खरीदने के लिए आकलन भी जारी कर दिया है। -------------------------- रोडवेज बस अड्डा निर्माण शीघ्र शुरू होने की संभावना -सीएम योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2020 में परिवहन निगम बलरामपुर को इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की सौगात दी थी। शहर के बाहर सदर ब्लॉक के घुघूलपुर गांव में 3.66 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया था। भूमि परिवहन विभाग के नाम से हो गई थी, जिसे शीघ्र ही परिवहन निगम के नाम से कराकर रोडवेज बस अड्डा का निर्माण शुरू कराया जाएगा। ------------------------ पांच नई बसों की मिली सौगात -बलरामपुर डिपो को इस साल पांच नई बसों की सौगात मिली है। रोडवेज का बेड़ा अब 86 बसों का हो गया है। परिवहन निगम ने बढ़नी से बरेली रूट पर दो बसों का संचालन शुरू किया है। इससे बढ़नी, बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर, पीलीभीत व बरेली जाने वालों को सुविधा मिली है। काशी के लिए एक और बस चलाने की तैयारी कर ली गई है। दो बसें होने से लोगों को काशी पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। ------------------------------- वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स जमा करने की मिली सुविधा -परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स जमा करने की सुविधा दी। छह नवंबर से 27 दिसंबर तक एकमुश्त समाधान योजना के तहत 148 वाहन स्वामियों ने पंजीकरण कराया और 139 वाहन स्वामियों ने 27.16 लाख रुपये बकाया टैक्स जमा कर दिया है। एकमुश्त समाधान योजना फरवरी तक चालू रहेगी। इसमें छोटे वाहनों का 200 रुपये व बड़े वाहनों का 500 रुपये में पंजीकरण हो रहा है। ------------------------------- बलरामपुर-उतरौला-अयोध्या बस सेवा बंद, बढी परेशानी
-जिला मुख्यालय से उतरौला-रेहरा बाजार होते हुए अयोध्या जाने वाली बस सेवा बंद होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मई 2024 में बलरामपुर से उतरौला-रेहरा बाजार-मनकापुर होते हुए अयोध्या के लिए सीधी रोडवेज बस का संचालन शुरू किया गया, लेकिन दो माह पहले राजस्व घाटा का बहाना बनाकर बस सेवा को अचानक बंद कर दिया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों को जिला मुख्यालय के साथ अयोध्या व मनकापुर जाने में निजी व डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। --------------------------------- बढ़ाई जा रही परिवहन सेवाएं -जिले में परिवहन सेवाओं में विस्तार कराया जा रहा है। जिले के दो रेलवे स्टेशनों को यात्री सुविधाओं के लिए विकसित कराया गया है। नई रेल लाइन बिछाने के लिए भूमि अधिग्रहण शीघ्र शुरू होने की संभावना है। रोडवेज बस सेवाओं में भी विस्तार कराया जा रहा है। पवन अग्रवाल, डीएम
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।