राजस्थान के उदयपुर जिले में मंगलवार को यात्रियों से भरी राजस्थान रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चट्टान से टकरा गई। हादसे में 18 यात्री घायल हो गए। घायलों में चार नाबालिग बच्चे और सात महिलाएं शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि बस पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में नहीं आई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
चट्टान से टकराने के बाद टूटा बस का अगला शीशा
हादसा मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे सायरा थाना क्षेत्र में भटकेश्वर महादेव मंदिर के पास हुआ। डूंगरपुर डिपो की रोडवेज बस फालना से यात्रियों को लेकर उदयपुर की ओर आ रही थी। इसी दौरान अचानक बस का संतुलन बिगड़ गया। बस सड़क से नीचे उतरकर किनारे स्थित चट्टान से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला शीशा टूट गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए गोगुंदा अस्पताल और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में कुल 18 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें चार बच्चे और सात महिलाएं भी शामिल हैं।
11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से बची बस
हादसे वाली जगह के पास से 11 केवी की बिजली लाइन गुजर रही थी। गनीमत रही कि बस बिजली के तारों की चपेट में नहीं आई। यदि ऐसा होता तो हादसा और गंभीर हो सकता था। प्रारंभिक तौर पर बस चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर सड़क समतल है और यातायात का दबाव भी कम रहता है। ऐसे में बस अनियंत्रित कैसे हुई, यह जांच का विषय है। सूचना मिलने पर सायरा थानाधिकारी घेवरचंद पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।