राजस्थान के कोटा में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। यहां दो युवक ज्वेलरी शॉप में घुस गए और दुकानदार पर हमला कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने ज्वेलर पर चाकू से वार करने की कोशिश की। हालांकि, दुकानदार ने हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। दुकान में हुई पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, मामला कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र का है। रंगबाड़ी पुलिस चौकी के सामने विनायक ज्वेलर्स के नाम से विनोद सोनी की दुकान है। जानकारी के अनुसार, दो युवक दुकान पर पहुंचे थे। दुकानदार विनोद सोनी को दोनों युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इस पर उन्होंने दोनों से जूते और मास्क खोलने के लिए कहा।
पढ़ें: 299 साल की हुई गुलाबी नगरी जयपुर, 300वें वर्ष में प्रवेश पर शहरभर में होंगे भव्य आयोजन
इसी बात को लेकर दोनों युवक आक्रोशित हो गए और दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान दोनों ने ज्वेलर पर चाकू से हमला करने की कोशिश भी की। अचानक हुए हमले के बावजूद विनोद सोनी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने बदमाशों का मुकाबला करते हुए खुद को बचाने का प्रयास किया। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात वाली जगह से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद है। ऐसे में पुलिस चौकी के सामने बदमाशों की इस हरकत ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल महावीर नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों युवकों की पहचान करने और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।