त्योहारी सीजन को देखते हुए जोधपुर नगर निगम ने शुक्रवार को नई सड़क से घंटाघर तक अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान निगम की टीमों के साथ भारी पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा। कार्रवाई के तहत दुकानों के बाहर लगे ठेले, अवैध बरामदे और अतिक्रमण हटाए गए।
ट्रैफिक जाम से निजात की कोशिश
नई सड़क और घंटाघर क्षेत्र में आम दिनों में भी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। त्योहारों के समय यहां भारी भीड़ उमड़ने से परेशानी और बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए निगम ने यह अभियान शुरू किया। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस इलाके को अतिक्रमण मुक्त रखना अब प्राथमिकता होगी, ताकि यातायात सुचारू रह सके।
व्यापारियों का विरोध और सवाल
कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने विरोध भी जताया। उनका कहना था कि लंबे समय बाद यह कदम उठाया गया, जो स्वागत योग्य है, लेकिन कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए और इसमें किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। अधिकारियों ने व्यापारियों की आपत्तियों को खारिज करते हुए कहा कि अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कफ सिरप से बच्चों की मौत मामला: खांसी की दवा Dextromethorphan को सरकार ने दी क्लीन चिट, भरतपुर में एक और मौत
पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस और कालिका टीम तैनात रही। मौके पर एडीसीपी सुनील के. पवार, एडीसीपी दुर्गाराम, एसीपी मंगलेश चुंडावत, एसीपी प्रवीण सिंह, उदय मंदिर थाना अधिकारी सीताराम खोजा, सदर कोतवाली थाना अधिकारी अनिल यादव और सदर बाजार थाना अधिकारी मानक राम भी मौजूद रहे।
भीड़भाड़ वाले इलाके पर नजर
नई सड़क, घंटाघर और त्रिपोलिया बाजार जोधपुर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल हैं। यहां न केवल स्थानीय लोग बल्कि आसपास के कस्बों और गांवों से भी बड़ी संख्या में खरीदार पहुंचते हैं। प्रशासन का मानना है कि अतिक्रमण हटाने से त्योहारों के दौरान यातायात और भीड़ प्रबंधन में काफी राहत मिलेगी।
यह भी पढ़ें- India Warns Pak: 'दुनिया के नक्शे में रहना है तो रोकें आतंकवाद', सेना प्रमुख की दो टूक; कहा- भारत संयम...