जावरा विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के पुत्र प्रांजल पांडेय के विवाह समारोह में राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। बुधवार को जावरा के पिपलोदा रोड स्थित एक रिसोर्ट में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे। दोनों नेताओं ने विधायक डॉ. पांडेय को बधाई दी और नवदंपती को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।
बुधवार दोपहर नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे। वहीं, शाम करीब 5 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गांधी सागर में आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद जावरा पहुंचे। यहां उन्होंने विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय के परिवार के मांगलिक आयोजन में शिरकत की।
इस दौरान विधायक डॉ. पांडेय ने परिवार के साथ मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री का स्वागत किया। समारोह में मंच पर विधायक डॉ. पांडेय ने मुख्यमंत्री का शाल ओढ़ाकर सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने प्रांजल पांडेय को विवाह की शुभकामनाएं देते हुए सुखद एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी नवदंपती को शुभकामनाएं दीं।
पढे़ं: बूंदी चौपाटी पर आधा दर्जन गुमटियों में लगी भीषण आग: दमकल की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा, असामाजिक तत्वों पर शक
विजयवर्गीय बोले- तीन पीढ़ियों से पांडेय परिवार से जुड़ाव
विवाह समारोह में पहुंचे नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पांडेय परिवार के साथ अपने पुराने संबंधों का जिक्र किया। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि पांडेय परिवार से उनका तीन पीढ़ियों से जुड़ाव है। इस परिवार के साथ उनके राजनीतिक और पारिवारिक संबंध रहे हैं।
विजयवर्गीय ने बताया कि जब वे इंदौर में भाजपा के पदाधिकारी थे, तब इंदौर से बाहर उनकी राजनीतिक शुरुआत विधायक राजेंद्र पांडेय के पिता और वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय ने कराई थी। उन्हें पहला टिकट भी डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय के कारण ही मिला था।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1983 में वे अपने मित्र आलोक दवे की शादी में जावरा आए थे। उस समय दो दिन तक बारात जावरा में रुकी थी और पांडेय परिवार ने उनकी खूब आवभगत की थी। तब आलोक दवे विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष थे और वे महामंत्री थे।
विजयवर्गीय ने कहा कि वे हर चुनाव में डॉ. लक्ष्मीनारायण पांडेय के मार्गदर्शन के लिए जावरा आते थे। वे पांडेय परिवार को अपना परिवार मानते हैं। प्रांजल पांडेय इस परिवार की तीसरी पीढ़ी के नौजवान हैं और उनमें राजनीतिक इच्छाशक्ति भी है।