दमोह जिले के तेंदूखेड़ा अनुविभाग के लोग इस समय हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर को देखकर रोमांचित हो रहे हैं। अब तक ये दोनों हवाई वाहन उन्होंने केवल टीवी और मोबाइल पर ही देखे थे। लेकिन, अब वे इन्हें रोज अपनी आंखों के सामने उड़ते हुए देख रहे हैं।
दरअसल, तेंदूखेड़ा में एक जेट विमान पिछले कई दिनों से बहुत निचली ऊंचाई से उड़ रहा है। वहीं, नोहटा के नोहलेश्वर महोत्सव में हेलीकॉप्टर राइडिंग हो रही है, जिससे पूरे दिन लोग हेलीकॉप्टर को आसमान में उड़ता देख रहे हैं और उसका मजा भी ले रहे हैं।
गांव में हेलीकॉप्टर देखने की उत्सुकता
पहले जब किसी गांव में हेलीकॉप्टर उतरने की खबर मिलती थी तो दूर-दराज से ग्रामीण उसे देखने पहुंच जाते थे। हालांकि, हालात आज भी कुछ ऐसे ही हैं, लेकिन फर्क इतना है कि अब लोगों को पैसे खर्च करने के बाद अपने गांव में हवाई यात्रा का आनंद लेने का अवसर मिल रहा है। जबेरा विधानसभा इन दिनों किसी महानगर से कम नहीं लग रही है। यहां हर दिन हेलीकॉप्टर उतर रहे हैं और जेट विमान मात्र 150 फीट ऊपर से गुजर रहे हैं।
हेलीकॉप्टर का लिया आनंद
नोहटा में नोहलेश्वर महोत्सव चल रहा है, जो पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेंद्र लोधी के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। यहां एक हेलीकॉप्टर भी आया है, जिसमें बहुत कम राशि में यात्रा कराई जा रही है। गरीब हो या अमीर, अधिकारी हो या कर्मचारी, सभी ने हेलीकॉप्टर पर सवार होकर इस रोमांचक यात्रा का आनंद लिया। तेंदूखेड़ा ब्लॉक से भी सैकड़ों लोग नोहलेश्वर महोत्सव में पहुंचे और उन्होंने हेलीकॉप्टर की सवारी कर इस यादगार पल को अपने कैमरों में कैद किया।
नजदीक से उड़ रहा जेट विमान
दूसरी ओर, तेंदूखेड़ा ब्लॉक में एक जेट विमान आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह विमान पिछले एक महीने से तेंदूखेड़ा ब्लॉक के विभिन्न गांवों और नगरों के ऊपर उड़ान भर रहा है, जिसे देखने के लिए काफी भीड़ एकत्रित हो जाती है। गुरुवार को यह विमान फिर से तेंदूखेड़ा ब्लॉक के मगदुपुरा से गुजरा, और इसकी ऊंचाई काफी कम थी। गांव के लोगों ने इसे अपने मोबाइल के कैमरों में कैद कर लिया। इससे पहले भी यह विमान पिंडरई, करोदी, सहजपुर, पंडा बाबा और तेंदूखेड़ा नगर में बहुत कम ऊंचाई पर उड़ता दिखाई दिया था।