{"_id":"6af95ec886507e082408e283","slug":"video-sirmaur-pensioners-protest-nahan-pending-da-arrears-leave-encashment-2026-11-15","type":"video","status":"publish","title_hn":"सिरमौर: नाहन में पेंशनरों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, बोले- झूठे आश्वासनों से नहीं चलेगा काम; 19 नवंबर को करेंगे विधानसभा का घेराव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिरमौर: नाहन में पेंशनरों का सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, बोले- झूठे आश्वासनों से नहीं चलेगा काम; 19 नवंबर को करेंगे विधानसभा का घेराव
Ankesh Dogra
Updated Sun, 15 Nov 2026 12:57 PM IST
Link Copied
हिमाचल प्रदेश में पूर्व कर्मचारियों और पेंशनरों की लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। पेंशनरों ने प्रदेश सरकार पर झूठे आश्वासन देने और उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। पेंशनर संघ के महासचिव प्रीतम चौहान ने कहा कि सरकार के पास पूर्व कर्मचारियों की लाखों रुपये की राशि बकाया पड़ी है, लेकिन बार-बार आश्वासन देने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पेंशनरों का 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता और करीब 200 महीने का डीए एरियर भी लंबित है। एक-एक पेंशनर की लाखों रुपये की राशि सरकार के पास फंसी हुई है। इससे पेंशनरों में सरकार के प्रति भारी रोष है।
लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान की मांग को लेकर हिमाचल प्रदेश पेंशनर संयुक्त संघर्ष समिति की सिरमौर इकाई का उपायुक्त कार्यालय के बाहर रविवार को भी धरना जारी रहा। पेंशनरों ने प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी और उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। साथ ही आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी।
इस दौरान प्रताप चौहान ने कहा कि समिति की ओर से 18 सितंबर को प्रदेश सरकार को 17 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन अभी तक मांगों पर कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले और बाद में सरकार ने पेंशनरों के हितों में कई घोषणाएं और वादे किए, लेकिन उन्हें उनके जायज वित्तीय लाभ नहीं मिल रहे हैं। जीवन के इस पड़ाव में बुजुर्गों को इलाज और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आर्थिक मदद की सबसे अधिक आवश्यकता होती है, लेकिन अपने ही हक के लिए उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।
संयुक्त संघर्ष समिति के संयोजक ओएल चौहान ने कहा कि पेंशनरों का 13 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) लंबे समय से लंबित है। इसके अलावा करीब 200 महीने से बकाया डीए एरियर का भुगतान भी नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान का एरियर, ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट की राशि भी नहीं मिली है। वहीं, कई वर्षों से लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों का भुगतान नहीं होने से बुजुर्ग पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संयुक्त संघर्ष समिति ने सरकार को आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने वार्ता के लिए नहीं बुलाया और लंबित वित्तीय देनदारियों के भुगतान को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो 19 नवंबर को धर्मशाला में विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
पेंशनरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी लंबित मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।