Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   Hamirpur (Himachal) News ›   26 year old soldier Akshay Kumar laid to rest with full state honors

तिरंगे में लिपटे जवान के पिता बोले: 'रस्में ही तो बदलीं हैं, शादी जैसे पटाखे और डीजे की गूंज... वही है बेटा'

Sun, 15 Nov 2026 10:40 PM IST
Akash Dubey संवाद न्यूज एजेंसी, जाहू (हमीरपुर)
संवाद न्यूज एजेंसी, जाहू (हमीरपुर) Published by: Akash Dubey Updated Sun, 15 Nov 2026 10:40 PM IST
सार

26 वर्षीय सिपाही अक्षय कुमार का हृदयाघात से निधन हो गया। 20 दिन बाद उनकी शादी होनी थी। रविवार को रूठानी गांव में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। 

विज्ञापन
26 year old soldier Akshay Kumar laid to rest with full state honors
विलाप करते परिजन - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

रस्में ही तो बदली हैं। पटाखों और डीजे की गूंज तो शादी जैसी ही है। यह मान-सम्मान और लोगों का हुजूम तेरी शादी में भी ऐसा ही होता। मुझे भी बेटे के साथ ही विदा कर दो...। तिरंगे में लिपटे इकलौते बेटे का पार्थिव शरीर सामने देख पिता राजकुमार के मुंह से निकले ये शब्द वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर गए। जिस घर में 20 दिन बाद बेटे की शादी की तैयारियां होनी थीं, वहां रविवार को उसकी अंतिम विदाई हुई। डीजे पर गूंज रहे देशभक्ति के तरानों के बीच बेटे को खोने वाले पिता राजकुमार का यह संताप हर किसी के कलेजे को चीर रहा था।

विज्ञापन


भोरंज क्षेत्र की नंधन पंचायत के रूठानी गांव के 26 वर्षीय सिपाही अक्षय कुमार का रविवार को टाउन भराड़ी श्मशानघाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। सुबह सेना के जवान पार्थिव शरीर लेकर गांव पहुंचे तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। आंगन में तिरंगे में लिपटे बेटे को देखकर माता-पिता बिलख पड़े। परिवार का इकलौता बेटा अब कभी लौटकर नहीं आने वाला था। अंतिम दर्शन के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए टाउन भराड़ी ले जाया गया। वहां छठी डोगरा रेजिमेंट के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। चचेरे भाई साहिल ठाकुर ने चिता को मुखाग्नि दी। सुजानपुर के विधायक सुरेश कुमार ने प्रदेश सरकार की ओर से पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। डीएसपी हरीश गुलेरिया, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान और कमलेश कुमारी, तहसीलदार डॉ. आशीष सहित अन्य लोगों ने भी अंतिम विदाई दी।
विज्ञापन


मामा के साथ खरीदने जाना था सूट और सेहरा
पंचायत प्रधान रवि कुमार ने बताया कि अक्षय 25 नवंबर को छुट्टी लेकर घर आने वाला था। मामा के साथ शादी का सूट और सेहरा खरीदने की तैयारी थी। घर में शादी की खुशियां मनाने का इंतजार हो रहा था, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सेना के अधिकारियों के अनुसार, दोपहर के भोजन के लिए मेस जाते समय अक्षय अचानक मुंह के बल गिर पड़ा। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


16 दिसंबर 2020 को सेना में हुए थे भर्ती
अक्षय 16 दिसंबर 2020 को सेना में भर्ती हुए थे। इन दिनों उनकी तैनाती उत्तराखंड के जोशीमठ में थी। हृदयाघात से उनका निधन हो गया। माता-पिता के इकलौते बेटे की शादी को लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। परिवार को 25 नवंबर को उसके घर लौटने का इंतजार था, लेकिन अब आंगन में शादी की जगह मातम पसरा है। जिस बेटे के सिर पर सेहरा सजना था, वह तिरंगे में लिपटकर विदा हो गया।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed