{"_id":"6b0957c042605df841037e3e","slug":"video-rozgar-sevaks-express-their-outrage-over-honorarium-and-epf-issues-in-barabanki-2026-11-27","type":"video","status":"publish","title_hn":"बाराबंकी में मानदेय और ईपीएफ पर फूटा रोजगार सेवकों का गुस्सा, गांधी भवन से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बाराबंकी में मानदेय और ईपीएफ पर फूटा रोजगार सेवकों का गुस्सा, गांधी भवन से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली
मानदेय का भुगतान अटका है, ईपीएफ की धनराशि खातों में नहीं पहुंच रही और दूसरी ओर रोजगार सृजन के आंकड़ों में उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं। इन्हीं सवालों को लेकर शुक्रवार को बाराबंकी में सैकड़ों ग्राम रोजगार सेवक सड़क पर उतर आए।
गांधी भवन से कलेक्ट्रेट तक निकली आक्रोश रैली में शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी हुई। प्रदर्शनकारियों ने रोजगार सृजन सप्ताह को पूरी तरह विफल बताते हुए आरोप लगाया कि जमीनी हकीकत छिपाकर कागजों पर रोजगार की तस्वीर चमकाई जा रही है। मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर तीन दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा घेराव की चेतावनी दी गई।
ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा, उत्तर प्रदेश के प्रांतीय आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन की शुरुआत गांधी भवन में हुई। यहां बैठक के बाद रोजगार सेवकों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए। राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए निकली रैली के कारण यातायात प्रभावित हुआ और करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
मोर्चा के प्रांतीय सह संयोजक एवं जिलाध्यक्ष/प्रदेश प्रभारी आकाश त्रिपाठी ने कहा कि सरकार का रोजगार सृजन सप्ताह रोजगार सेवकों के विरोध के चलते सफल नहीं हो सका। इसके बावजूद कई ग्राम पंचायतों में उपस्थिति दर्ज कराने के दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर फर्जी हाजिरी दर्ज कराने की कोशिश हुई है। इसकी जांच उपायुक्त विकास मिश्रा की ओर से भी कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि रोजगार सेवक लंबे समय से मानदेय बढ़ाने और नियमित भुगतान की मांग कर रहे हैं लेकिन उनकी समस्याओं पर ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा। ईपीएफ की धनराशि यूएएन खातों में जमा नहीं होने से कर्मचारियों का भविष्य भी असुरक्षित हो रहा है। सेवाकाल में जान गंवाने वाले रोजगार सेवकों के परिवारों को भी ईपीएफ का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
जिला संगठन प्रभारी जमनेश कनौजिया ने कहा कि ग्राम पंचायतों में काम कराने के बाद भी श्रमिकों की मजदूरी और सामग्री आपूर्ति करने वाले वेंडरों का भुगतान लंबित है। जिला उपाध्यक्ष रामसजीवन यादव और जिला सचिव दीपक सिंह ने आरोप लगाया कि लक्ष्य पूरा दिखाने के लिए निचले स्तर के कर्मचारियों और ग्राम प्रधानों पर दबाव बनाया जा रहा है। हाजिरी दर्ज करने और उसे पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया में भी अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं।
मोर्चा पदाधिकारियों ने सूरतगंज, दरियाबाद, रामनगर, फतेहपुर और पूरेडलई विकासखंडों में हड़ताल के दौरान महिला मेट और पंचायत सहायकों के माध्यम से कथित तौर पर फर्जी हाजिरी दर्ज कराने के प्रयासों का आरोप लगाया।
प्रदर्शन को ग्राम प्रधान संघ, ग्राम विकास अधिकारी संघ और ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के पदाधिकारियों का भी समर्थन मिला। इस मौके पर मान्धाता, विनोद राव, अशोक यादव, जितेंद्र कुमार, ज्ञानेंद्र वर्मा, शकील अहमद, राजकुमार, पवन कुमार, अमित यादव, दिलदार अहमद, सीमा तिवारी, प्रदीप द्विवेदी, रवि, रविंद्र, सुशील कुमार, प्रदीप साहू, प्रेमलता मौर्य, सरिता, पिंकी वर्मा, विमला, महेंद्र वर्मा, गया प्रसाद, अजय यादव, तुफैल मौजूद रहे।
रोजगार सेवकों ने मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने, ईपीएफ की पूरी धनराशि यूएएन खातों में जमा कराने और श्रमिकों व वेंडरों का बकाया भुगतान कराने की मांग उठाई। संगठन ने दो टूक कहा कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। तीन दिसंबर को लखनऊ में विधानसभा घेराव के लिए प्रदेशभर के रोजगार सेवकों को जुटाने की तैयारी है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।