{"_id":"6a9415da3f8d75b8ee0da734","slug":"video-video-napalgaja-rada-ralva-satashana-ka-shabharabha-ka-tayaraya-taja-bnarasa-taka-nashalka-takata-pakara-lga-ma-utasaha-2026-08-30","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के शुभारंभ की तैयारियां तेज, बनारस तक निःशुल्क टिकट पाकर लोगों में उत्साह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के शुभारंभ की तैयारियां तेज, बनारस तक निःशुल्क टिकट पाकर लोगों में उत्साह
नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन के 31 अगस्त को प्रस्तावित शुभारंभ को लेकर तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। रविवार को स्टेशन परिसर में कार्यक्रम के लिए टेंट लगाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया। रेलवे और जिला प्रशासन के अधिकारियों की लगातार आवाजाही के बीच स्टेशन परिसर में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
शुभारंभ कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी बहराइच अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव और नानपारा विधायक रामनिवास वर्मा सहित अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की जानकारी अधिकारियों द्वारा दी गई है।
रेलवे की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार नेपालगंज रोड तक कई ट्रेनों का विस्तार किया गया है। इनमें वाराणसी–नेपालगंज रोड–वाराणसी ट्रेन संख्या 14213/14214, गोंडा–नेपालगंज रोड के बीच चलने वाली DEMU ट्रेन 75109/75110 तथा 75111/75112 और वाराणसी सिटी–गोरखपुर–नेपालगंज रोड ट्रेन संख्या 15132/15131 शामिल हैं।
बनारस तक निःशुल्क टिकट लेने उमड़े लोग
शुभारंभ से एक दिन पहले रविवार से ही नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन से बनारस तक यात्रा के लिए निःशुल्क टिकट वितरण शुरू किया गया। टिकट प्राप्त करने के लिए स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। रतन अग्रवाल, देवेंद्र पाठक, एपी श्रीवास्तव, भीमसेन मिश्रा सहित सैकड़ों लोगों ने बनारस तक की यात्रा का निःशुल्क टिकट प्राप्त किया।
निःशुल्क टिकट मिलने के बाद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रवासियों ने कहा कि नेपालगंज रोड से बनारस तक रेल सेवा शुरू होना सीमावर्ती क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे लोगों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा।
रेलवे अधिकारियों ने लिया तैयारियों का जायजा
शुभारंभ कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एडीआरएम नीतू, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-2 अश्विनी तिवारी, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर कोऑर्डिनेशन पंकज सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर मनीष गंगवार सहित रेलवे के अन्य अधिकारी स्टेशन पहुंचे। अधिकारियों ने यात्री सुविधाओं, स्टेशन परिसर और कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
स्टेशन परिसर में कार्यक्रम के लिए टेंट लगाया जा रहा है। बारिश के कारण तैयारियों में कुछ व्यवधान आया, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी व्यवस्थाओं को तेजी से पूरा करने में जुटे हैं।
व्यापार और पर्यटन को मिलेगी नई गति
नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन का संचालन भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेल सेवा शुरू होने से रुपईडीहा और आसपास के लोगों को वाराणसी सहित अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन की सुविधा मिलेगी। धार्मिक यात्रा के साथ क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रेल सुविधा से व्यापारियों को भी लाभ मिलने की संभावना है। माल ढुलाई और बेहतर रेल संपर्क से रुपईडीहा तथा आसपास के सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
स्टेशन के शुभारंभ को लेकर सांसद आनंद गौड़ की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि रेलवे सुविधा को लेकर लंबे समय से किए जा रहे प्रयास अब साकार होते दिखाई दे रहे हैं। 31 अगस्त को होने वाले शुभारंभ को लेकर पूरे सीमावर्ती क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
1 सितंबर से नेपालगंज रोड स्टेशन से नई समय सारणी के अनुसार चलेंगी ट्रेनें
नेपालगंज रोड रेलवे स्टेशन पर 1 सितंबर से ट्रेनों का संचालन नई समय सारणी के अनुसार किया जाएगा। स्टेशन पर प्रदर्शित समय सारणी के मुताबिक नेपालगंज रोड से वाराणसी, गोंडा और वाराणसी सिटी के लिए ट्रेनों का संचालन होगा, जबकि विभिन्न स्टेशनों से आने वाली ट्रेनों का भी निर्धारित समय पर नेपालगंज रोड स्टेशन पर आगमन होगा।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।