{"_id":"6ab90331070d6720210dbdc7","slug":"video-camp-held-at-municipal-corporation-to-resolve-issues-related-to-various-departments-2026-09-27","type":"video","status":"publish","title_hn":"VIDEO: दफ्तरों के नहीं लगाने होंगे चक्कर, एक ही जगह पर सभी समस्याओं का समाधान; नगर निगम में लगा शिविर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
VIDEO: दफ्तरों के नहीं लगाने होंगे चक्कर, एक ही जगह पर सभी समस्याओं का समाधान; नगर निगम में लगा शिविर
सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब नागरिकों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगर निगम की ओर से नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाने के लिए आज शनिवार से शुरू किए गए ‘सेवा सेतु अभियान’ में एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नगर निगम मुख्यालय स्थित पार्क में शनिवार से शुरू हुआ यह विशेष शिविर 30 सितंबर तक प्रत्येक कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित होगा। शिविर के पहले दिन महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद कर्मचारियों से उपलब्ध सेवाओं और शिकायतों के निस्तारण की जानकारी ली। महापौर ने शिविर में पहुंचे फरियादियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही बात कर समस्याओं का समाधान कराया गया। महापौर ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर अधिक से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है। शिविर में सक्षम अधिकारियों की मौजूदगी में नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज कराने के साथ आवश्यक प्रमाण पत्र, कर भुगतान और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं प्राप्त कर सकेंगे। नगर निगम के गृहकर विभाग और जलकल विभाग के स्टॉल पर गृहकर, जलकर और सीवर कर की देयता से संबंधित जानकारी और भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। जन्म-मृत्यु पंजीकरण कार्यालय के स्टॉल पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में हुए जन्म और मृत्यु के पंजीकरण से संबंधित समस्या का समाधान किया जा रहा है। डूडा के परियोजना अधिकारी के समन्वय से प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 और पीएम स्वनिधि योजना से संबंधित आवेदन और समस्याओं के समाधान की व्यवस्था की गई है। जिला समाज कल्याण अधिकारी और जिला प्रोबेशन अधिकारी के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन सहित अन्य सामाजिक कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन और शिकायतों का निस्तारण की सुविधा दी जा रही है। वहीं, खाद्य एवं रसद विभाग के स्टॉल पर राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का समाधान और सुविधाओं की जानकारी दी जा रही है। शिविर में श्रम विभाग, राजस्व विभाग की डेस्क भी स्थापित की गई हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से निशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया है। पहले दिन शिविर में अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, सीटीओ शिवकुमार गौतम, सभी जोनल सैनिटरी अधिकारियों समेत नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। महापौर ने नागरिकों से अपील की है कि वे 30 सितंबर तक सुबह 10 से दोपहर तीन बजे के बीच शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।