नागौर जिले के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के रोहिणी गांव में बुधवार दोपहर एक खेत में नर कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर श्रीबालाजी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल को कब्जे में लेकर नागौर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस जांच में कंकाल की पहचान लाडिया निवासी तेजू सिंह (42) पुत्र भंवर सिंह राजपूत के रूप में हुई। पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी व्यक्ति पर शक नहीं जताया और पोस्टमॉर्टम के लिए सहमति दी।
पढे़ं: सीएम भजनलाल के गृह जिले में मेयर की कुर्सी का खेल पलटा: भाजपा के सामने निर्दलीय की चुनौती, कांग्रेस कहां?
श्रीबालाजी थानाधिकारी उगमाराम चौधरी ने बताया कि परिजनों की ओर से हत्या को लेकर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस के अनुसार तेजू सिंह अविवाहित थे। परिजनों ने बताया कि वह शराब का अधिक सेवन करते थे। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने मेडिकल बोर्ड का गठन करवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने फिलहाल मामले में किसी व्यक्ति को संदिग्ध नहीं माना है और मौके की परिस्थितियों समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
थानाधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।