कोटा की केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक कार से भारी मात्रा में अफीम बरामद की है। टीम ने कार की तलाशी के दौरान 16 किलो 431 ग्राम अफीम जब्त की है। हैरानी की बात यह है कि तस्करों ने पुलिस और जांच एजेंसियों की नजरों से बचने के लिए अफीम को कार की स्टेपनी के अंदर छिपा रखा था।
जानकारी के मुताबिक केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम को मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर इनपुट मिला था। इसी के आधार पर टीम ने कोटा के हैंगिंग ब्रिज के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान झालावाड़ की तरफ से जयपुर जा रही एक ब्रेजा कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान टीम को कार की स्टेपनी में छिपाकर रखी गई अफीम मिली।
ये भी पढ़ें: नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा: कक्षा 6 के एडमिट कार्ड जारी, 28 नवंबर को बालोतरा-बाड़मेर के 34 केंद्रों पर परीक्षा
टीम ने मौके से 16 किलो 431 ग्राम अफीम बरामद कर कार में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार नशे की यह खेप झालावाड़ से जयपुर ले जाई जा रही थी। नारकोटिक्स ब्यूरो की इस कार्रवाई से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। फिलहाल गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी, जयपुर में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी और इस तस्करी के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। अब जांच के बाद ही तस्करी के इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।