असदुद्दीन ओवैसी पर आजम खां का तंज: 'वो कोई मौलाना नहीं...', इस खित्ते में किसी को हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं
जेल से रिहाई के बाद आजम खां ने पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी पर कटाक्ष किया और यूपी में नफरत की राजनीति फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने ईडी, सीबीआई और विकास प्राधिकरण की कार्रवाई पर सवाल उठाए। जौहर विश्वविद्यालय को लेकर अपना पक्ष रखा और जेल में मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कहा कि उनका वजन 98 से घटकर 70 किलो रह गया।
विस्तार
जेल से रिहा होने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, सांप्रदायिक राजनीति और जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर खुलकर अपनी बात रखी। आजम खां के अनुसार, आगामी चुनाव में अभी काफी समय है, लेकिन अब कोई भी चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि धर्म को धर्म वाले और मजहब को मजहब वाले ही नुकसान पहुंचा रहे हैं।
'ओवैसी बैरिस्टर हैं, न कि कोई मौलाना'
प्रेस वार्ता के दौरान आजम खां ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर सीधा राजनीतिक कटाक्ष किया। आजम खां ने कहा कि वह पेशे से बैरिस्टर हैं, न कि कोई मौलाना। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि केवल दाढ़ी रख लेने से कोई मौलाना या साधू नहीं बन जाता। उनके मुताबिक, मौलाना बनने के लिए मौलवियत की और फतवा देने के लिए मुफ्ती की बाकायदा डिग्री होना आवश्यक है। खानपान के माध्यम से सियासी संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि रामपुर और इस पूरे खित्ते (क्षेत्र) में हैदराबादी बिरयानी पसंद नहीं की जाती, बल्कि यहां के लोग पुलाव और मटन बिरयानी पसंद करते हैं और वही खाते हैं।
'यूपी में फैलाया जा रहा नफरत का एजेंडा'
अपने संबोधन में आजम खां ने प्रदेश सरकार, संवैधानिक संस्थाओं और केंद्रीय जांच एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में नफरत का एजेंडा फैलाया जा रहा है और ईडी, सीबीआई और विकास प्राधिकरण जैसी एजेंसियों की कार्रवाई से आम लोग दुखी हैं। चुनाव आयोग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी गरिमा स्वयं बचानी चाहिए।
जौहर विश्वविद्यालय पर हुई गलत कार्रवाई
अपनी संपत्ति और जौहर विश्वविद्यालय पर हुई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि 50 साल के राजनीतिक जीवन और चार बार मंत्री रहने के बावजूद उनके पास मौजूदा आवास के अलावा कोई दूसरा मकान नहीं है। उनके अनुसार, जौहर विश्वविद्यालय के 90 प्रतिशत भवन वर्ष 2004 से 2006 के बीच ही बन चुके थे, जब रामपुर विकास प्राधिकरण अस्तित्व में भी नहीं था, लेकिन आयकर विभाग ने गलत दरों के आधार पर उन पर भारी-भरकम देनदारी निकाल दी।
'बच्चों से बीड़ी बनवा लेता लेकिन जेल नहीं जाने देता'
जेल के अनुभवों को साझा करते हुए आजम खां ने कहा कि आजादी से बढ़कर कोई दौलत नहीं है और यदि उन्हें पहले आभास होता, तो वह रिक्शा चलाकर अपने बच्चों से बीड़ी बनवा लेते, लेकिन उन्हें जेल नहीं जाने देते। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई के दौरान मुरादाबाद पुलिस ने उन्हें चोट पहुंचाई और उनके साथ मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ, जिसके चलते उनका वजन 98 किलो से घटकर 70 किलो रह गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
