राजस्थान के उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा बुधवार को कोटा दौरे पर रहे। इस दौरान सर्किट हाउस पहुंचने पर भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। वहीं, इस बीच कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी मौजूद रहे। डिप्टी सीएम कुन्हाड़ी इलाके के पार्वतीपुरम भी गए। जहां आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश भलवाला के निधन पर शोक जताया और परिजनों को ढांढस बंधाया। इस दौरान मृतक इंस्पेक्टर नरेश के पिता घासीलाल ने बैरवा से कहा कि मुझे अपने बेटे का उपचार करने का मौका भी नहीं मिला। सीधे उनकी मृत्यु की ही सूचना आई।
डिप्टी सीएम बैरवा ने कहा कि आरटीओ इंस्पेक्टर नरेश भलवाला के साथ जिसने घटना को अंजाम दिया, उसे गिरफ्तार कर लिया है। परिवार को सरकार व विभाग से राहत दिलाने का पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे हादसे आगे न हो, इसके लिए भी व्यापक इंतजाम कर रहे हैं। वहीं, परिवार ने नरेश को शहीद के दर्जे की मांग की है। इस पर बैरवा ने कहा कि सरकार के नियमों में जो है, हम पूरी करवाने की कोशिश करेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को मामले में अवगत करा दिया है, उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी राहत दे सकते हैं, उपलब्ध कराएंगे।
यह भी पढ़ें: स्कूल बैग को तकिया बनाकर क्लास रूम में सो रहे थे हेडमास्टर साहब, सफाई में बोले- तबीयत खराब थी
वहीं, मीडिया से बातचीत करने पर पहलगाम आतंकी हमले को लेकर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इसमें हमारी सेनाओं का पराक्रम देखा गया। एयरफोर्स और आर्मी के साथ नेवी ने भी शौर्य दिखाया। शहीदों और हमारी सेना पर हमें नाज है। उन्होंने दुश्मन को परास्त किया, जो इतिहास बन गया। इतिहास आने वाले समय में लोग पढ़ेंगे। यह इतिहास आने वाले समय में हमारी पाठ्य पुस्तकों में भी शामिल होगा। ताकि प्रदेश की जनता को हमारे देश के सेनाओं के शौर्य के बारे में पूरी जानकारी मिल सके।
यह भी पढ़ें: 'कर्नल कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका पर हमें गर्व, पाकिस्तान पर भरोसा नहीं'...जयपुर में बोले पायलट