राजस्थान की लोक संस्कृति और पारंपरिक गीत-संगीत का आकर्षण विदेशी पर्यटकों को भी अपनी ओर खींच रहा है। बूंदी में राजस्थानी गाने की धुन पर विदेशी पर्यटकों के एक दल के डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में विदेशी पर्यटक स्थानीय लोगों के बीच राजस्थानी गीत पर उत्साह के साथ थिरकते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो तारागढ़ फोर्ट के पास नाहर का चौहट्टा का बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि विदेशी पर्यटकों का एक दल बूंदी के ऐतिहासिक स्थलों और तारागढ़ किले का भ्रमण करने के लिए शहर में निकला था। इसी दौरान शहर में एक धार्मिक यात्रा का जुलूस निकल रहा था। जुलूस में डीजे पर राजस्थानी गीत 'देवजी की छोरियां' बजाया जा रहा था। गीत की धुन सुनकर विदेशी पर्यटक कुछ देर के लिए वहां रुक गए और जुलूस के माहौल में शामिल हो गए।
पढ़ें: सीएम भजनलाल के गृह जिले में मेयर की कुर्सी का खेल पलटा: भाजपा के सामने निर्दलीय की चुनौती, कांग्रेस कहां?
इसके बाद विदेशी युवाओं ने राजस्थानी गाने पर डांस करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते वे जुलूस में शामिल लोगों के बीच झूमते नजर आए। विदेशी पर्यटकों को स्थानीय लोगों के बीच राजस्थानी गीत पर डांस करते देखकर मौके पर मौजूद लोग भी उत्साहित हो गए। कई लोगों ने इस पूरे नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विदेशी पर्यटक काफी खुश और उत्साहित नजर आ रहे हैं। वे बिना किसी झिझक के राजस्थानी गीत की धुन पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। आसपास मौजूद लोग भी इस नजारे को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इस पर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बूंदी अपनी ऐतिहासिक विरासत और स्थापत्य कला के लिए देश-विदेश में पहचान रखता है। यहां का तारागढ़ किला, बूंदी महल, बावड़ियां और अन्य ऐतिहासिक धरोहरें पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र हैं। देशी-विदेशी पर्यटक बूंदी पहुंचकर इन ऐतिहासिक स्थलों को करीब से देखते हैं। इस दौरान विदेशी पर्यटकों का स्थानीय लोगों और संस्कृति के साथ इस तरह जुड़ना शहर में खास नजारा बन गया। राजस्थानी लोकगीत पर विदेशी पर्यटकों के डांस का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।