सागर में मिट्टी खदान से मिट्टी लेने गए युवक की मौत के बाद परिजनों ने सागर-खुरई रोड पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने युवक की संदिग्ध मौत और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
सागर में ईंट भट्टे के लिए खदान पर मिट्टी लेने गए युवक की सोमवार को मौत हो गई। परिजनों को सूचना मिलते ही वे अन्य लोगों के साथ मंडी के पास पहुंचे, जहां ट्रैक्टर- ट्रॉली में युवक का शव मिला। इसके बाद आक्रोशित परिजनों ने मंडी के सामने सागर-खुरई रोड पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर शांत कराया।
ये भी पढ़ें:
प्रेम विवाह कर जिसे पढ़ाया क्या वो पत्नी जज के साथ रह रही? महिला और युवक के जज पर गंभीर आरोप; जानें मामला
परिजनों ने बताया कि खेमचंद पटेल ईंट भट्टे पर काम करता था। वह लालपुरा से ईंट भट्टे के लिए ट्रैक्टर से मिट्टी लेने पथरिया हाट के पास स्थित मिट्टी खदान पर गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मौत कैसे हुई, यह किसी को स्पष्ट नहीं है। परिजनों को फोन पर सूचना दी गई कि खेमचंद को चोट लगी है और वह कृषि मंडी के पास है। जब परिजन मंडी पहुंचे तो खेमचंद का शव ट्रॉली में रखा मिला। इससे वे आक्रोशित हो गए।
ये भी पढ़ें:
शहडोल में दर्दनाक हादसा, बाइक से टक्कर के बाद पलटी पिकअप, पांच बारातियों की मौत, 20 घायल; पांच गंभीर
ठेकेदार पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि खेमचंद की मौत संदेहास्पद है। घटनास्थल से उसका शव क्यों हटाया गया? यदि उसे चोट लगी थी तो समय पर अस्पताल क्यों नहीं ले जाया गया? अस्पताल न ले जाना ठेकेदार की लापरवाही है। ठेकेदार न तो मौके पर पहुंचा और न ही परिजनों से मिलने आया, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश देकर शांत कराया तथा चक्काजाम समाप्त करवाया।