बलराम कृषि महोत्सव के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से मैहर जिले के किसानों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किसानों से उनकी खेती, फसल उत्पादन, आधुनिक कृषि तकनीकों और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों को लेकर जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने किसानों को उन्नत एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े किसानों ने मुख्यमंत्री से वर्चुअल संवाद किया और खेती-किसानी में अपने अनुभव साझा किए। किसानों ने कृषि क्षेत्र में किए जा रहे प्रयोगों, उत्पादन और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल को लेकर जानकारी दी।
किसानों और युवाओं के लिए लगाए गए स्टॉल
बलराम कृषि महोत्सव के अवसर पर कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर किसानों और युवाओं को कृषि, उद्यानिकी, आधुनिक खेती, उन्नत तकनीक और कृषि से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में किसान और युवा पहुंचे और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर कृषि क्षेत्र में उपलब्ध तकनीकों और संभावनाओं की जानकारी ली।
ये भी पढ़ें- राहुल के कार्यक्रम में मिमिक्री पर सियासी संग्राम,BJP बोली-माफी मांगें; कांग्रेस ने कहा-विवाद खड़ा करना गलत
बेरमा में लगेगी फ्रूट प्रोसेसिंग और कोल्ड स्टोरेज यूनिट
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मैहर जिले में कृषि और उद्यानिकी क्षेत्र को लेकर एक महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि जल्द ही मैहर के बेरमा क्षेत्र में सब्जियों के बेहतर उत्पादन और उसके प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए फ्रूट प्रोसेसिंग एवं कोल्ड स्टोरेज यूनिट स्थापित की जाएगी। इस यूनिट के माध्यम से स्थानीय स्तर पर उत्पादित सब्जियों और कृषि उपज के बेहतर भंडारण एवं प्रसंस्करण की सुविधा विकसित होने की बात कही गई। इससे किसानों को अपनी उपज के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलने की उम्मीद है।
मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी को लेकर CM ने स्थिति की स्पष्ट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी को लेकर सोशल मीडिया पर लंबे समय से चल रही चर्चाओं और भ्रम की स्थिति पर भी स्पष्ट जानकारी दी। सोशल मीडिया पर मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी को मैहर से रीवा शिफ्ट किए जाने की चर्चाएं सामने आती रही हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, किसानों और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में स्पष्ट किया कि मुकुंदपुर व्हाइट टाइगर सफारी मैहर जिले में ही रहेगी और इसे किसी अन्य जिले में शिफ्ट नहीं किया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सफारी को लेकर चल रही शिफ्टिंग की चर्चाओं पर स्थिति स्पष्ट हुई है।
बलराम कृषि महोत्सव के कार्यक्रम में सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह सहित जिले के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के वर्चुअल संवाद से जुड़े किसानों ने कृषि क्षेत्र से संबंधित अपने अनुभव साझा किए। वहीं विभागीय स्टॉलों के माध्यम से किसानों और युवाओं को कृषि एवं उद्यानिकी से जुड़ी विभिन्न जानकारियां उपलब्ध कराई गईं।
बलराम कृषि महोत्सव के दौरान उन्नत खेती और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण और भंडारण की दिशा में भी जोर दिया गया। बेरमा में प्रस्तावित फ्रूट प्रोसेसिंग एवं कोल्ड स्टोरेज यूनिट को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया जा रहा है। इससे क्षेत्र में कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।