दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। हटा रोड स्थित दुकान के शटर के ताले तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के दौरान चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को भी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर उसे घसीटकर दुकान के बाहर तक ले आए। बाहर भी तिजोरी नहीं खुली तो चोर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
रात 1 से 3 बजे के बीच वारदात
पीड़ित दुकानदार जितेंद्र साहू के मुताबिक, शनिवार-रविवार की रात करीब 1 से 3 बजे के बीच अज्ञात चोर उनकी हटा रोड स्थित ज्वेलरी शॉप में घुसे। चोरों ने पहले दुकान के शटर के ताले तोड़े और इसके बाद अंदर पहुंचकर सामान खंगाला। दुकानदार का दावा है कि चोर दुकान के काउंटर और अन्य स्थानों से करीब 120 ग्राम सोना, 15 किलो चांदी और लगभग 80 हजार रुपये नकद ले गए।
तिजोरी घसीटकर बाहर लाए चोर
चोरी के दौरान चोरों ने दुकान में रखी तिजोरी को खोलने की कोशिश की। जब तिजोरी नहीं खुली तो उसे बाहर निकालने का प्रयास किया गया। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों को तिजोरी घसीटकर दुकान से बाहर ले जाते हुए देखा गया है। हालांकि, बाहर लाने के बाद भी वे तिजोरी नहीं तोड़ सके और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- स्पा की आड़ में देह व्यापार: छापे में आपत्तिजनक हाल में मिले 16 युवक-युवतियां, जब्त सामान देखकर पुलिस भी चौंकी
सुबह स्थानीय लोगों ने दी दुकानदार को सूचना
रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर खुला देखा। दुकान के बाहर तिजोरी पड़ी होने पर उन्हें चोरी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने दुकानदार जितेंद्र साहू को सूचना दी। दुकान पहुंचने पर चोरी की जानकारी सामने आई, जिसके बाद तत्काल पटेरा पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्ध
पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दुकान के आसपास और अंदर दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश में जुटी है।
पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने की जांच
सूचना मिलते ही पटेरा पुलिस के साथ डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। मामले की जांच में साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है।
पुलिस बोली-फुटेज के आधार पर तलाश जारी
पटेरा थाना प्रभारी रचना मिश्रा ने बताया कि ज्वेलरी शॉप में चोरी की घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 से 3 बजे के बीच हुई है। सीसीटीवी फुटेज में कुछ अज्ञात संदिग्ध दिखाई दे रहे हैं। फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच में साइबर सेल की सहायता भी ली जा रही है।

सराफा व्यापारी की दुकान में चोरी करते नकाबपोश
सराफा व्यापारी की दुकान में चोरी