इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी का सिलसिला लगातार जारी है। खंडवा से भाजपा सांसद का कहना है कि राहुल गांधी को कोई सीरियस नहीं लेता और वो जितना प्रचार-प्रसार करेंगे, उसका फायदा बीजेपी को ही मिलेगा। क्योंकि वो देश विरोधी ताकतों के साथ खड़े होकर, युवाओं को भड़काने और भटकाने का काम करते हैं। इधर कांग्रेस विधायक ने इस पर पलटवार करते हुए भाजपा के सांसदों को जंगल के जानवर जैसे- चीते, भालू और शेर तक कहते हुए, इन्हें हकालने के लिए राहुल गांधी के इंदौर आने की बात कही है। यही नहीं कांग्रेस विधायक ने बड़ा दावा करते हुए 2028 में मध्य प्रदेश में और 2029 में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनने के दावे के साथ ही राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने का दावा किया है।
ये भी पढ़ें- सख्ती: ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट ने की लापरवाह ठेकेदार पर कार्रवाई, जूना महल तोड़कर मलबा हटाने का ठेका टर्मिनेट
हम देश के मान सम्मान को बढ़ाने का कर रहे काम
इंदौर में होने वाला राहुल गांधी का कार्यक्रम इन दिनों चर्चा में बना हुआ है। इसको लेकर खण्डवा से बीजेपी सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल का कहना है कि राहुल गांधी को लोग बहुत ज्यादा सीरियस नहीं लेते हैं, और वो जितना अच्छा प्रचार-प्रसार करेंगे, उतना हमें ही ताकत मिलेगी। हमारे कार्यकर्ता और हम सब मिलकर और ताकत के साथ काम करेंगे। उनका लक्ष्य है देश के युवाओं को भड़काना और भटकाना है, और देश विरोधी ताकतों के साथ खड़ा होना है और हमारा लक्ष्य हमारे युवाओं की चिंता करना है। उनके रोजगार की चिंता करना है, और देश के मान सम्मान, स्वाभिमान को बढ़ाने का काम हम लोग कर रहे हैं।
राहुल बनेंगे पीएम फिर इनको हकालेंगे
इधर राहुल गांधी की सभा को लेकर युवाओं को जोड़ने खंडवा कांग्रेस कार्यालय पहुंचे हरदा विधायक आरके दोगने ने कहा कि बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि राहुल गांधी सरकार में विपक्ष के नेता हैं, और विपक्ष के नेता का इनको सम्मान करना चाहिए। ये सम्मान खुद तो चाहते हैं पर दूसरे को सम्मान देना नहीं चाहते। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जो सांसद और विधायक बोल रहे हैं कि ये सर्कस के वो वो हैं, ये मान के चलिए चीते, भालू, शेर। इनको हकालने के लिए ही राहुल गांधी आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है। साल 2028 में मध्य प्रदेश में सरकार कांग्रेस की बन रही है और साल 29 में केंद्र में भी सरकार बन रही है। तब राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे, और इन्हीं लोगों को हकालेंगे।