खंडवा में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर के माता चौक क्षेत्र में शराब दुकान से सटे एक अवैध अहाते पर बुल्डोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग का अमला मौके पर मौजूद रहा।
बताया जा रहा है कि माता चौक क्षेत्र में शराब दुकान के साथ अवैध रूप से अहाता संचालित किए जाने की शिकायतें जिला प्रशासन को लगातार मिल रही थीं। इसके अलावा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की।
पढ़ें: बारिश में टपकने लगी स्कूल की छत, बंद करनी पड़ी कक्षाएं; ग्रामीण ने बच्चों के लिए दिया घर
देर शाम प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण को ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर ने बताया कि अवैध गतिविधियों और अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन की इस सख्ती को इलाके में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।