{"_id":"6af6f0ce6e8ba0a0b40bcf71","slug":"video-gaggal-airport-expansion-land-acquisition-and-demolition-in-rachiyalu-kiyodiyan-2026-11-13","type":"video","status":"publish","title_hn":"गग्गल एयरपोर्ट विस्तार: रछियालू और कियोडियां में खाली मकानों पर चला पीला पंजा, जेसीबी से ध्वस्त किए भवन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गग्गल एयरपोर्ट विस्तार: रछियालू और कियोडियां में खाली मकानों पर चला पीला पंजा, जेसीबी से ध्वस्त किए भवन
Ankesh Dogra
Updated Fri, 13 Nov 2026 04:43 PM IST
Link Copied
गग्गल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की दिशा में भूमि अधिग्रहण और जमीन पर कब्जा लेने की प्रक्रिया ने तेजी पकड़ ली है। परियोजना के दायरे में आने वाले 14 महालों में से फिलहाल रछियालू और कियोडियां में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है। यहां मुआवजा और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (आरएंडआर) अवार्ड प्राप्त कर चुके प्रभावित परिवारों के खाली मकानों को हटाया जा रहा है।
शुक्रवार को भूमि अधिग्रहण टीम भारी मशीनरी के साथ रछियालू पहुंची। इस दौरान विस्थापित सुनील और रमेश के खाली पड़े मकानों को जेसीबी की सहायता से ध्वस्त किया गया। दोनों प्रभावित परिवार भूमि अवार्ड और आरएंडआर अवार्ड प्राप्त कर चुके हैं। पूरी कार्रवाई एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग की मौजूदगी में हुई। उन्होंने मौके पर रहकर भवनों को हटाने की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
प्रशासन के अनुसार, जिन प्रभावित परिवारों को भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन अवार्ड की राशि मिल चुकी है, उनसे जमीन का कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने आगामी मार्च तक इस पूरी प्रक्रिया को 100 प्रतिशत पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग के अनुसार, रछियालू और कियोडियां महाल में एक महीने के भीतर कब्जा लेने की प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। जिन पात्र प्रभावितों ने अभी तक आरएंडआर अवार्ड प्राप्त नहीं किया है, उनसे आवश्यक दस्तावेज जल्द पूरे करने की अपील की गई है।
प्रशासन का कहना है कि शेष प्रभावित परिवारों की अवार्ड संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उनके बैंक खातों में मुआवजे की राशि हस्तांतरित की जाएगी। राशि मिलने के बाद संबंधित संपत्तियों पर भी कब्जा लेने की प्रक्रिया शुरू होगी।
इससे पहले रछियालू और कियोडियां महाल के करीब 20 से 25 प्रभावित परिवार मुआवजा मिलने के बाद अपने पुराने मकान स्वयं ही खाली कर चुके हैं। इन परिवारों ने अपने पुराने घरों को हटाकर नए स्थानों पर रहना शुरू कर दिया है। अब शेष खाली भवनों को प्रशासन चरणबद्ध तरीके से जेसीबी की मदद से हटा रहा है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित लोगों से भूमि अधिग्रहण और पुनर्वास से जुड़ी औपचारिकताएं समय पर पूरी करने का आग्रह किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कब्जे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एयरपोर्ट विस्तारीकरण के निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग के अनुसार, गग्गल एयरपोर्ट विस्तार के तहत रछियालू और कियोडियां में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिन प्रभावितों को भूमि और आरएंडआर अवार्ड मिल चुके हैं, उनसे कब्जा लिया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य मार्च तक इस प्रक्रिया को पूरा करना है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।