{"_id":"6ac23ce8acd36b345d0ccf94","slug":"video-himachal-bjp-2027-election-68-seats-shrikant-sharma-rivaj-change-2026-10-04","type":"video","status":"publish","title_hn":"हिमाचल में बदलेगा 'एक बार कांग्रेस, एक बार भाजपा' का रिवाज! 2027 में 68 सीटों पर जीत के लक्ष्य से उतरेगी भाजपा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल में बदलेगा 'एक बार कांग्रेस, एक बार भाजपा' का रिवाज! 2027 में 68 सीटों पर जीत के लक्ष्य से उतरेगी भाजपा
Ankesh Dogra
Updated Sun, 04 Oct 2026 05:17 PM IST
Link Copied
हिमाचल प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। पार्टी ने इस बार प्रदेश में वर्षों से चले आ रहे ‘एक बार कांग्रेस, एक बार भाजपा’ के रिवाज को बदलने का लक्ष्य रखा है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी सभी 68 सीटों पर पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी और प्रत्येक सीट पर जीत हासिल करने के लक्ष्य से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा। श्रीकांत शर्मा रविवार को टिप्पर स्थित ठाकुर राम सिंह स्मृति न्यास में आयोजित प्रदेश पदाधिकारी बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी दर्शना सिंह, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल और पायल वैद्य समेत प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सेवा गतिविधियों और बूथ स्तर पर संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा हुई। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि भाजपा प्रदेश के 8007 बूथों को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उनका जोर बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद और मजबूत संगठनात्मक नेटवर्क पर रहा। उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि मजबूत बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के आधार पर 2027 की तैयारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हिमाचल प्रदेश को 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में मजबूत भागीदार बनाना है। प्रदेश भाजपा सह प्रभारी दर्शना सिंह ने हिमाचल से अपने पुराने और आत्मीय संबंध का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल उनका दूसरा घर है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद को नई शक्ति मिली है। उन्होंने कांग्रेस और वामपंथ पर युवाओं को भ्रमित करने का आरोप लगाया। दर्शना सिंह ने कहा कि भाजपा तथ्यों और इतिहास के आधार पर इसका जवाब देगी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश अब चुनावी वर्ष में प्रवेश करने जा रहा है। इसलिए भाजपा को अभी से जमीनी स्तर पर अपनी तैयारियां तेज करनी होंगी। उन्होंने दावा किया कि हाल के पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में 11 में से 10 जिला परिषदों में भाजपा समर्थित नेतृत्व सामने आया है। वहीं चार नगर निगमों में से तीन में भाजपा ने जीत दर्ज की। जयराम ठाकुर ने इन नतीजों को प्रदेश में बदलाव के संकेत के तौर पर बताया। उन्होंने कहा कि संगठन व्यक्ति से बड़ा है और प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन के हित में काम करना होगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी। मोटरसाइकिल और पदयात्राओं के माध्यम से कार्यकर्ता निर्धारित जिला केंद्रों तक पहुंचेंगे। जिला केंद्रों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना जाएगा। प्रदेश के सभी जिलों में रंगोली कार्यक्रम भी होंगे। वहीं शिमला के रिज मैदान पर विशेष आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मंडल स्तर पर सेवा और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। भाजपा की इस बैठक से स्पष्ट है कि पार्टी 2027 के चुनाव को लेकर संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियों को अभी से गति देने में जुट गई है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।