{"_id":"6af98c329e9129476204bb95","slug":"video-shimla-rural-khel-mahakumbh-2026-sunni-vikramaditya-singh-2026-11-15","type":"video","status":"publish","title_hn":"शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ में 10 हजार लोगों ने लिया हिस्सा, महिलाओं को पहली बार कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन का मंच","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ में 10 हजार लोगों ने लिया हिस्सा, महिलाओं को पहली बार कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन का मंच
Ankesh Dogra
Updated Sun, 15 Nov 2026 04:13 PM IST
Link Copied
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में युवाओं और महिलाओं को खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित शिमला ग्रामीण खेल महाकुंभ-2026 का समापन हो गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुन्नी में आयोजित समापन समारोह में लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को नशे से दूर रखने और उनकी प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि इस बार खेल महाकुंभ में महिलाओं की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों को भी शामिल किया गया। क्षेत्र में पहली बार महिलाओं को कबड्डी, वॉलीबॉल और बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिला।
उन्होंने बताया कि करीब एक माह तक चली इन खेल प्रतियोगिताओं में लगभग 10 हजार युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है।
मंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में चयनित शीर्ष चार टीमों को आगे प्रदेश स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की सोच व्यापक दृष्टिकोण के साथ पूरे क्षेत्र का विकास करने की है। युवाओं और महिलाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखे जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच और आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है।
खेल महाकुंभ के समापन से पहले लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सुन्नी क्षेत्र में 10.37 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
उन्होंने सतलुज नदी पर थली नामक स्थान पर 9.53 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 145 मीटर लंबे स्पैन स्टील सस्पेंशन ब्रिज का उद्घाटन किया। इसके अतिरिक्त 84 लाख रुपये की लागत से निर्मित हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के सरकारी आवासों का भी लोकार्पण किया।
मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम किया जा रहा है। तपड़ी पुल के समीप नदी में जलस्तर बढ़ने की समस्या को देखते हुए भविष्य में बड़े पुल के निर्माण की योजना तैयार की जाएगी। इससे मंडी सहित आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुविधा को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क निर्माण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य भी स्वीकृत किए गए हैं। गत बरसात के दौरान क्षतिग्रस्त हुए नदी पर बने पुल की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण के लिए बजट उपलब्ध करवाया गया था। इसका कार्य पूरा होने के बाद पुल को जनता को समर्पित कर दिया गया है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व विधायक सोहन लाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा और देवेंद्र ठाकुर, पंचायत समिति अध्यक्ष कौशल्या शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रियंका तंवर सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।