सीकर शहर में भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट गहराता जा रहा है। सबसे ज्यादा प्रभावित वार्ड नंबर 50 और 51 के निवासी इस समस्या से बेहद परेशान हैं। पिछले कई दिनों से इन वार्डों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से ठप है, जिससे क्षेत्रवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसी के चलते बुधवार देर रात बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय निवासी कलेक्टर आवास के बाहर एकत्रित हुए और जोरदार नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इलाके में पिछले कई दिनों से पानी की एक बूंद भी नहीं मिल रही है। कई बार जलदाय विभाग और नगर परिषद को शिकायतें दी गईं, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। पानी के लिए उन्हें दूर-दराज इलाकों से इंतजाम करना पड़ रहा है, जिससे बुजुर्गों, बच्चों और महिलाओं को भारी परेशानी हो रही है। गर्मी के इस दौर में पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता की अनुपलब्धता ने लोगों को सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया।
ये भी पढ़ें-
'मुस्लिम समाज के दबे-कुचले और शोषित वर्ग के लिए न्याय का मार्ग', वक्फ कानून पर बोले MLA बाबा बालकनाथ
प्रदर्शन की खबर मिलते ही कलेक्टर आवास पर हड़कंप मच गया। आनन-फानन में जलदाय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही पुलिस प्रशासन ने भी मोर्चा संभाला और स्थिति को संभालने की कोशिश की। जलदाय विभाग के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और आश्वासन दिया कि जल्द ही पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि तकनीकी कारणों से कुछ दिनों के लिए आपूर्ति बाधित हुई थी, लेकिन अब व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
विश्व शांति एवं सर्व कल्याण की सामूहिक कामना को लेकर नवकार महामंत्र का जाप, भक्त हुए शामिल
इस दौरान महिलाओं ने साफ कहा कि यदि आने वाले दिनों में पानी की नियमित आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे और बड़ा आंदोलन करेंगी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन यह स्पष्ट संदेश दे गया कि यदि जन समस्याओं की अनदेखी की गई, तो जनता चुप नहीं बैठेगी।