राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार शाम अल्प प्रवास के दौरान जोधपुर पहुंचकर 15 अगस्त को हुए सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद गहलोत सीधे लोकेन्द्रसिंह के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों को ढांढ़स बंधाया। इसके बाद उन्होंने एमडीएम अस्पताल जाकर घायल बच्चों और उनके परिवारों से भी मुलाकात की।
मुख्यमंत्री भजनलाल पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को हादसे के बाद पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना जतानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री जी परिजनों से मिलते तो आमजन का आधा गुस्सा शांत हो जाता। जनता यह मान लेती कि सरकार उनके दुख में खड़ी है। गहलोत ने सवाल उठाया कि आखिर कौन लोग मुख्यमंत्री को ऐसी सलाह दे रहे हैं कि वे संवेदना दिखाने से भी बचते हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: ‘अवैध कॉलोनियों से आठ सप्ताह में कब्जे हटाए सरकार’, राजस्थान हाई कोर्ट ने कहा
‘बच्चे स्वतंत्रता दिवस समारोह में जा रहे थे’
पूर्व मुख्यमंत्री ने हादसे को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि बच्चे स्वतंत्रता दिवस के समारोह में हिस्सा लेने के लिए जा रहे थे और उसी दौरान यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि घटना के बाद न तो कोई ठोस कार्रवाई हुई और न ही किसी के खिलाफ एक्शन लिया गया, जो चिंता की बात है। गहलोत ने कहा कि हर गलती कीमत मांगती है और यहां संवेदनशीलता दिखाने की सबसे ज्यादा जरूरत थी।
वन नेशन वन इलेक्शन और वोट चोरी पर यह कहा
वन नेशन वन इलेक्शन के सवाल पर गहलोत ने कहा कि सरकार को हाईकोर्ट के निर्णय का सम्मान करना चाहिए और अविलंब चुनाव की घोषणा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट पहले ही ऐसे मामलों में अपना रुख स्पष्ट कर चुका है। वहीं वोट चोरी पर उन्होंने कहा कि यह अब गांव-गांव तक चर्चा का विषय बन चुका है। गहलोत ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग का रवैया ठीक नहीं है और कई लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए जाते हैं।
विपक्षी रणनीति पर बोले
विपक्ष द्वारा महाभियोग लाने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि यह निर्णय विपक्षी दल सामूहिक रूप से लेंगे। वहीं राजस्थान में वोट चोरी के सवाल पर उन्होंने कहा कि जहां गड़बड़ी हुई है, वहां मीडिया को सच्चाई सामने लानी चाहिए ताकि जनता को भी पूरी जानकारी मिल सके।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: जैसलमेर में पाकिस्तानी नंबरों से संपर्क के शक में युवक हिरासत में, जांच जारी
कांग्रेस नेताओं की रही मौजूदगी
गहलोत के साथ इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव हेमलता चौधरी, पूर्व मंत्री राजेन्द्र सोलंकी, पूर्व राज्य बाल कल्याण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल, पूर्व विधायक मनीषा पंवार, पूर्व विधायक हीरालाल, जिलाध्यक्ष उत्तर सलीम खान, जिलाध्यक्ष दक्षिण नरेश जोशी, कांग्रेस नेता करणसिंह उचियारडा, करणसिंह राजपुरोहित, मनीष जैन, युवा कांग्रेस देहात जिलाध्यक्ष पुखराज दिवराया, एनएसयूआई शहर जिलाध्यक्ष डॉ. बबलू सोलंकी सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।