शहडोल जिले में शहद की लालच में एक भालू पेड़ में चढ़ गया, जिसे देखकर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वन विभाग भी मौके पर पहुंच गया है और भालू को उतारने की कोशिश की जा रही है।लेकिन अब तक भालू पेड़ से नीचे नहीं उतरा है।
जानकारी के अनुसार, अमझोर वन परिक्षेत्र में एक भालू शहद की लालच में पेड़ पर चढ़ गया। भालू को पेड़ पर चढ़ता देख ग्रामीणों के बीच कौतूहल मच गया। वन विभाग के अनुसार, अमझोर गांव के अमृत विद्यापीठ स्कूल के पीछे महुआ के पेड़ पर शहद खाने के लिए चढ़ा है। गुरुवार की सुबह पांच बजे के लगभग भालू पेड़ पर चढ़ गया और अभी तक वह पेड़ पर ही बैठा है। भालू की निगरानी के लिए वन विभाग के कर्मचारी पेड़ के नीचे पहरा दे रहे हैं। स्कूल के समीप पेड़ होने के कारण ग्रामीणों का हुजूम मौके पर इकट्ठा हो गया है। ग्रामीणों की भीड़ को देखकर भालू पेड़ पर ही दुबककर बैठा हुआ है। वन विभाग के कर्मचारी लगातार ग्रामीणों के भीड़ को हटा रहे हैं, लेकिन भालू मनोरंजन का साधन बना है।
वन विभाग की लापरवाही आई सामने
स्थानीय लोगों ने बताया कि भालू को देखकर उन्होंने वन विभाग को इसकी जानकारी दी थी। लेकिन कई घंटे बाद वन विभाग मौके पर पहुंचा। भालू को देखने के लिए लोगों की भीड़ इकट्ठा है, जिससे भालू पेड़ से नीचे नहीं उतर पा रहा है। वन विभाग के चुनिंदा कर्मचारी मौके पर तैनात किए गए हैं। जो लोगों की भीड़ हटाने में भी नाकाम साबित हो रहे हैं।
अमझोर वन परिक्षेत्र अधिकारी वैशाली ने बताया कि भालू को पेड़ से उतारने का प्रयास किया जा रहा है। भालू को किसी प्रकार की चोट नहीं पहुंचे, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। वहीं पेड़ से उतरने के बाद भालू किसी ग्रामीण पर हमला नहीं करे, इस कारण ग्रामीणों को मौके से हटाया भी जा रहा है। पुलिस से मदद मांगी गई है, लोग काफी संख्या में भालू को देखने के लिए यहां इकठ्ठा हैं। वन विभाग के कर्मचारी उन्हें हटा रहे हैं, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं है।