कांग्रेस नेता एवं सांसद राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर सीहोर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए शहर में पैदल मार्च निकाला। बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और महिला कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा और कांग्रेस के झंडे लेकर प्रदर्शन में शामिल हुए।
‘लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ’ के लगे नारे
पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में जमकर नारेबाजी की। ‘लोकतंत्र बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ’ जैसे नारों से शहर की सड़कें गूंज उठीं। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए जांच और सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है।
जिलाध्यक्ष बोले- जनता की आवाज दबाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि राहुल गांधी लगातार जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कर रहे हैं। उनकी आवाज को दबाने के लिए एफआईआर और सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी किसी भी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है और संविधान, लोकतंत्र तथा आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
पढ़ें: उज्जैन के चक्रतीर्थ श्मशान में चिता से छेड़छाड़, शव के अंश का सेवन करते दिखा अघोरी; मामला दर्ज
‘यह लड़ाई किसी व्यक्ति की नहीं, संविधान की है’
राजीव गुजराती ने कहा कि कांग्रेस का आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के समर्थन तक सीमित नहीं है। यह संघर्ष देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को मजबूती से उठाना उसका अधिकार है और कांग्रेस कार्यकर्ता इस अधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।
महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी शामिल
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ ब्लॉक अध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। तिरंगे और कांग्रेस के झंडों के साथ निकाला गया पैदल मार्च कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में नजर आया। कार्यकर्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में राजाराम बड़े भाई, विवेक राठौर, हफ़ीज़ चौधरी, रमेश गुप्ता, घनश्याम पटेल, बलवान पटेल, गुलाब बाई ठाकुर, हसीन कुरैशी, दीप्ति, पवन गुर्जर, रामनारायण शर्मा, आरपी शुक्ला, हरिओम सिसोदिया, यश यादव, अजय रायकवार, नंदलाल यादव, प्रेमनारायण परमार, शुभम सक्सेना, नायब कुरैशी, अतीक चौधरी, अनुभव सेन, ममता शर्मा, मुकेश ठाकुर और नंदकिशोर मालवीय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।