सीहोर में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुक्रवार को अहमदपुर थाना क्षेत्र के सीलखेड़ा में बड़ा हादसा हो गया। सीलखेड़ा से मुंगावली रोड पर करीब डेढ़ किलोमीटर आगे स्थित खदान में प्रतिमा विसर्जन के दौरान 16 वर्षीय अतुल अहिरवार गहरे पानी में डूब गया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
गहरे पानी में गया, फिर नहीं लौटा
जानकारी के अनुसार सीलखेड़ा निवासी अतुल अहिरवार, पिता अजब सिंह अहिरवार, अन्य लोगों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए खदान के पानी में गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। युवक के डूबने की खबर फैलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए।
आधे घंटे की मशक्कत के बाद निकाला
ग्रामीणों के अनुसार करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद अतुल को गहरे पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे निजी वाहन से अहमदपुर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे दोराहा स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है।
ये भी पढ़ें- शिवपुरी: गणेश विसर्जन के बीच तालाब में डूबा 25 वर्षीय मूक-बधिर युवक, सुबह बेलों में फंसा मिला शव
सुरक्षा इंतजामों पर ग्रामीणों के सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खदान जैसे गहरे पानी वाले स्थान पर विसर्जन के दौरान पुलिस या सुरक्षा कर्मियों की पर्याप्त तैनाती नहीं थी। उनका आरोप है कि पिछले वर्ष इसी तालाब में गणेश विसर्जन के दौरान दो जवान तैनात किए गए थे, लेकिन इस बार ऐसी व्यवस्था नजर नहीं आई।
दो घंटे बाद पुलिस पहुंचने का आरोप
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस तत्काल मौके पर नहीं पहुंची और करीब दो घंटे की देरी से पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि पुलिस की ओर से देरी के संबंध में विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में हादसे के दौरान वास्तविक सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की मौजूदगी जांच का अहम बिंदु बन सकती है।
एक दिन पहले प्रशासन ने किए थे सुरक्षा इंतजाम
गौरतलब है कि गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर 25 सितंबर को प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां और निरीक्षण किए गए थे। कलेक्टर बालागुरू के और एसपी सोनाक्षी सक्सेना ने विसर्जन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश भी दिए थे।
मर्ग कायम, जांच में सामने आएगी जिम्मेदारी
एडिशनल एसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों, विसर्जन के दौरान मौजूद लोगों और मौके पर उपलब्ध सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य पहलुओं की जांच करेगी। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां और किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, इसकी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।