एमपी: 907 करोड़ की लागत से बना उज्जैन-बदनावर फोरलेन 18 महीने में उखड़ा, सांसद फिरोजिया ने गडकरी से की शिकायत
उज्जैन-बदनावर फोरलेन हाईवे निर्माण के महज 18 महीने बाद उखड़ने लगा है। 907 करोड़ की लागत से बने इस मार्ग की मरम्मत कराई जा रही है। सांसद अनिल फिरोजिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
उज्जैन से बदनावर तक 907 करोड़ रुपये की लागत से बना फोरलेन हाईवे महज 18 महीने में ही बदहाल होने लगा है। 69.1 किलोमीटर लंबे इस हाईवे (NH-752D) की सड़क से डामर उखड़ गया है और गिट्टी बाहर निकलकर फैल गई है। हालात ऐसे हैं कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को तपोभूमि से चिंतामन के बीच आधी सड़क बंद कर मिलिंग और दोबारा डामरीकरण कराना पड़ रहा है।
मामले ने तूल पकड़ा तो उज्जैन के सांसद अनिल फिरोजिया ने सीधे केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिकायत की। सांसद ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं हुआ है। शिकायत के बाद अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जा रही है।
सांसद की चेतावनी- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि उन्होंने घटिया और गुणवत्ताहीन निर्माण की शिकायत सीधे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की है। फिलहाल निर्माण एजेंसी की जमा राशि से सड़क का रखरखाव कराया जा रहा है, लेकिन जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और NHAI के अध्यक्ष ने उन्हें दोषियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सांसद ने कहा कि उज्जैन-देवास-बदनावर और उज्जैन-गरोठ मार्ग पर हुए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। इससे पहले देवास रोड पर चंदेश्वरी गांव के समीप एक पुल का हिस्सा ढह गया था। अब चिंतामन के पास सड़क उखड़ने के बाद उसकी मरम्मत कराई जा रही है।
GHV इंडिया का पैकेज-1 भी जांच के घेरे में
उज्जैन से खेड़ा खजुरी तक सड़क निर्माण का काम पैकेज-1 के तहत GHV इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। सांसद की शिकायत के बाद अब इस निर्माण की गुणवत्ता की भी जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का पालन किया गया या नहीं।
पढे़ं: होमगार्ड डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट तीन हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, उज्जैन लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा
15 साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी, फिर 18 महीने में क्यों उखड़ी सड़क?
इस फोरलेन का निर्माण मेसर्स जीआर उज्जैन बदनावर हाईवे प्राइवेट लिमिटेड ने हाइब्रिड एन्यूटी मॉडल (HAM) के तहत किया था। समझौते के अनुसार निर्माण एजेंसी अगले 15 वर्षों तक सड़क के रखरखाव के लिए जिम्मेदार है। इसके बावजूद महज 18 महीने में सड़क की ऊपरी परत उखड़ने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
NHAI अधिकारियों का तर्क है कि सड़क में आई खराबी स्थायी नहीं है, बल्कि मानसून के बाद नियमित रखरखाव के तहत मरम्मत कराई जा रही है। हालांकि, सवाल यह है कि इतनी नई सड़क की सतह को खुरचकर दोबारा डामरीकरण करने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या निर्माण में इस्तेमाल किए गए डामर की गुणवत्ता, सामग्री और सड़क की रोलिंग में कोई कमी रह गई थी?
पहले भी विवादों में रही हैं NHAI की परियोजनाएं
उज्जैन-गरोठ फोरलेन परियोजना में भी पहले गंभीर खामियां सामने आ चुकी हैं। फरवरी 2026 में सड़क की रिटेनिंग वॉल धंस गई थी। जून में मरम्मत के बाद अगस्त में आरई वॉल के पैनल फिर खिसक गए। इसके बाद IIT दिल्ली के विशेषज्ञों की सिफारिश पर करीब 500 मीटर हिस्से को तोड़कर दोबारा बनाने का फैसला लिया गया। सितंबर में भी रिटेनिंग वॉल के ब्लॉक खिसकने की घटना सामने आई थी। सिंहस्थ 2028 से पहले राष्ट्रीय राजमार्गों की परियोजनाओं में लगातार सामने आ रही निर्माण संबंधी खामियों ने प्रशासनिक तैयारियों और निर्माण एजेंसियों की जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
