मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिरगौती गांव में चरित्र संदेह में हुए विवाद के चलते एक नवविवाहिता की जान चली गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतका की शिनाख्त काजल साकेत के रूप में हुई है, जिसका विवाह 18 अप्रैल 2025 को मिरगौती निवासी राजेंद्र साकेत के साथ हुआ था।
परिजनों और आरोपी पति के बयानों के मुताबिक, राजेंद्र हैदराबाद में नौकरी करता था और घटना वाले दिन यानी शनिवार को ही गांव वापस लौटा था। उसी दिन काजल भी अपने मायके से ससुराल पहुंची थी। पति राजेंद्र का आरोप है कि उसकी पत्नी किसी अन्य युवक से फोन पर बातचीत करती थी, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर मनमुटाव रहता था। इसी बात को लेकर शनिवार शाम को घर में दोनों के बीच तीखी झड़प हो गई।
शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान
मृतका काजल को घायल हालत में शनिवार को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके शरीर पर धारदार हथियार से चोट के काफी निशान थे। परिजनों का भी आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर राजेंद्र ने धारदार हथियार से काजल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर बेहोश हो गई थी। भनक लगते ही आरोपी की मां मौके पर पहुंची। इसके बाद पति और सास खुद घायल महिला को लेकर रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्रारंभिक उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका की मां अनूपा साकेत और पिता जितेंद्र साकेत ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के बाद से ही लगातार दहेज के रूप में पैसों और कार की मांग की जा रही थी। पिता का यह भी आरोप है कि वारदात के बाद आरोपी पति ने फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया था।
ये भी पढ़ें- एमपी: नाबालिग बच्चियों की गुमशुदगी ने बढ़ाई चिंता: तीन साल में 36 हजार से ज्यादा मामले; दिल्ली तक पहुंचा मामला
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत पर पुलिस की जांच जारी
फिलहाल, रामनगर थाना टीआई विजय त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले को जांच में ले लिया है। पुलिस चरित्र संदेह और दहेज प्रताड़ना दोनों ही पहलुओं से बारीकी से जांच कर रही है और रिपोर्ट सामने आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।