जिले में हाल ही में सामने आए जहरीली शराब कांड के बाद आम नागरिकों और खासकर महिलाओं का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। गुरुवार शाम कैंट थाना क्षेत्र की कुडारी शराब दुकान पर स्थानीय महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में पहुंचीं महिलाओं ने दुकान में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की।
गुस्साई महिलाओं ने दुकान के अंदर रखी शराब की पेटियों को बाहर सड़क पर फेंक दिया और जमकर हंगामा किया। हालात ऐसे हो गए कि दुकान के कर्मचारी सड़क पर बिखरी शराब की बोतलों को समेटते नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही दुकान कर्मचारियों ने कैंट पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए नुकसान का जायजा लिया। हंगामे के बाद दुकान के कर्मचारी औपचारिक शिकायत दर्ज कराने के लिए कैंट थाने पहुंचे।
ये भी पढ़ें: सागर जहरीली शराब कांड: हीरापुर में मकान से 2.61 लाख की अवैध शराब जब्त, जले हुए क्वार्टर मिले, पोकलेन भी बरामद
शराब कांड के बाद बढ़ा आक्रोश
जिले में जहरीली शराब की घटनाओं और लगातार बढ़ रही अवैध शराबखोरी को लेकर लोगों में आक्रोश है। इससे पहले 8 सितंबर को भी जिले के बहरौल गांव में महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन करते हुए शराब दुकान में तोड़फोड़ की थी और उसे पूरी तरह बंद करा दिया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से साफ है कि शराब के खिलाफ महिलाओं और आम जनता का आक्रोश बढ़ रहा है। इससे प्रशासन और पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी बढ़ गई है।
पुलिस-प्रशासन ने बढ़ाई निगरानी
प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की ओर से लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद स्थानीय लोगों में असुरक्षा और गुस्से का माहौल बना हुआ है। कुडारी की घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।