सागर में जहरीली शराब कांड के बाद मंडला पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में कच्ची शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार धरपकड़ अभियान चला रही है।
इसी क्रम में नैनपुर थाना पुलिस ने ग्राम जामगांव के भीमकुंड क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब बनाने के ठिकाने पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 1000 लीटर महुआ लाहन नष्ट किया। इसके अलावा शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री को भी मौके पर नष्ट कर दिया गया। वहीं, महाराजपुर क्षेत्र में पुलिस ने करीब 5000 लीटर महुआ लाहन जब्त कर नष्ट किया। पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पढ़ें: जहरीली शराब कांड के बाद बड़ा एक्शन, 4 गांवों में ताबड़तोड़ दबिश, 14 लाख की अवैध शराब जब्त
मंडला एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि जिले में पिछले तीन दिनों से अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। तीन दिनों में अवैध शराब से जुड़े करीब 200 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस ग्रामीण क्षेत्रों में कच्ची शराब बनाने और उसे दूसरे इलाकों में सप्लाई करने वालों को चिन्हित कर रही है।
एसपी के मुताबिक, अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के साथ ही उनके ठिकानों की भी पहचान की जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी और जल्द गिरफ्तारियां की जाएंगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।