हरदा जिले के रहटगांव थाना क्षेत्र में मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। ग्राम बरखेड़ी बस स्टैंड के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पिता-पुत्र सहित तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में रहटगांव तहसील कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर भी शामिल हैं। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम भुराली निवासी दिलीप अपने 10 वर्षीय बेटे आयुष को बाइक पर बैठाकर सिरकम्बा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी बाइक पर रहटगांव तहसील कार्यालय में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र वर्मन जा रहे थे। बरखेड़ी बस स्टैंड के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई।
पढे़ं: उज्जैन में सांदीपनि लोक की जमीन पर घमासान, आसाराम आश्रम ने अधिग्रहण के खिलाफ खोला मोर्चा
टक्कर इतनी भीषण कि दो की मौके पर मौत
हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सवार दिलीप और देवेंद्र वर्मन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दिलीप का 10 वर्षीय बेटा आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायल बालक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
भोपाल रेफर किया, लेकिन रास्ते में तोड़ा दम
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आयुष की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। हालांकि, भोपाल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। इस हादसे में पिता-पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जिला अस्पताल में हुआ पोस्टमॉर्टम
हादसे के बाद तीनों मृतकों के शव जिला अस्पताल लाए गए, जहां पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।