बालाघाट जिला मुख्यालय से महज 7-8 किलोमीटर दूर ग्राम बड़ी कुम्हारी में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की बेहद गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। सोमवार देर रात नवदुर्गा कार्यक्रम देखकर लौट रहे छोटी कुम्हारी निवासी महेन्द्र उर्फ पप्पू बघेले (26) को बड़ी कुम्हारी मोड़ पर एक अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद लहूलुहान युवक सड़क पर तड़पता रहा और ग्रामीणों द्वारा लगातार फोन करने के बावजूद मौके पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची, जिससे समय पर इलाज न मिलने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 आपातकालीन सेवा को कॉल किया गया था। काफी देर तक जब कोई मदद नहीं मिली, तो रात करीब 3 बजे किसी तरह युवक को जिला अस्पताल बालाघाट लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को कोतवाली पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
ये भी पढ़ें- पन्ना में रामलीला देखकर लौट रहे सरपंच पुत्र समेत दो युवकों को बेकाबू डंपर ने रौंदा, दोनों की मौत
डायल 112 पहुंची पर गायब रही 108 सेवा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि संतलाल उपवंशी ने व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस की डायल 112 तो मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन जीवन रक्षक 108 एम्बुलेंस सेवा नदारद रही। उन्होंने कहा कि यदि एम्बुलेंस चालक समय पर आने में असमर्थ था, तो इसकी पहले ही जानकारी दी जानी चाहिए थी, ताकि ग्रामीण किसी निजी साधन से घायल को समय रहते अस्पताल पहुंचा देते। मौके पर पहुंचे कोतवाली थाने के एएसआई भुनेश ठाकरे भी एम्बुलेंस न आने का कोई ठोस कारण स्पष्ट नहीं कर सके। इस जानलेवा लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही आपातकालीन व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।