{"_id":"6b06ab774c1276a32c084f8e","slug":"video-eco-tourism-development-rampur-kinnaur-himachal-pradesh-2026-11-25","type":"video","status":"publish","title_hn":"रामपुर, किन्नौर और आसपास के पर्यटन स्थलों को इको टूरिज्म से मिलेगा बढ़ावा, ईडीसी का होगा गठन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामपुर, किन्नौर और आसपास के पर्यटन स्थलों को इको टूरिज्म से मिलेगा बढ़ावा, ईडीसी का होगा गठन
Ankesh Dogra
Updated Wed, 25 Nov 2026 03:03 PM IST
Link Copied
रामपुर, कोटगढ़, आनी, निरमंड और किन्नौर के प्रमुख पर्यटन स्थलों को इको टूरिज्म के तहत विकसित किया जाएगा। इसके लिए वन विभाग ने नई पर्यटन गतिविधियां शुरू करने और स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने की योजना तैयार की है। पर्यटन स्थलों के बेहतर प्रबंधन और स्थानीय स्तर पर गतिविधियों के संचालन के लिए ईको टूरिज्म डेवलपमेंट कमेटी (ईडीसी) का गठन भी किया जाएगा।
यह जानकारी रामपुर में आयोजित सर्कल स्तरीय इको टूरिज्म सोसायटी की बैठक में वन अरण्यपाल सीबी ताशीलदार ने दी। बैठक में अधिकारियों और सोसायटी के सदस्यों के साथ रामपुर, कोटगढ़, आनी, निरमंड और किन्नौर के पर्यटन स्थलों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में रामपुर और किन्नौर वन वृत्त के तहत साइकिलिंग टूर, ट्रेकिंग हट, कैंपिंग साइट और वन विश्राम गृहों के नवीनीकरण सहित कई योजनाओं पर विचार किया गया।
रामपुर वन प्रभाग के तहत सराहन में साइकिलिंग टूर शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा नोगली और सुरड़ स्थित वन विश्राम गृहों के नवीनीकरण, कोफर बहली झील के विकास और नरैण (सुंगरी) में ट्रेकर हट अथवा हॉबिट हाउस बनाने की योजना पर भी चर्चा हुई।
सराहन में साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए ज्यूरी चौक और भीमाकाली मंदिर में इको टूरिज्म से संबंधित सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। वहीं, सराहन, नानखड़ी, बहली और रामपुर के युवक मंडलों के सदस्यों को नेचर गाइड का प्रशिक्षण देने के लिए एक लाख रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। प्रशिक्षण के बाद स्थानीय युवा पर्यटकों को मार्गदर्शन की सेवाएं दे सकेंगे।
तलाई बायोडायवर्सिटी पार्क, लवर्स पॉइंट, कोट काली और सराहन नेचर कैंप में इको टूरिज्म गतिविधियों के संचालन के लिए नीलामी करवाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया।
रामपुर वन प्रभाग के तहत नोगली वन विश्राम गृह के नवीनीकरण के लिए 1.70 लाख रुपये अतिरिक्त मांगे गए हैं। फरवरी 2026 में इसके लिए 4.30 लाख रुपये स्वीकृत हुए थे। कार्य पूरा करने के लिए कुल छह लाख रुपये की आवश्यकता बताई गई है।
सुरड़ वन विश्राम गृह की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए भी छह लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। नोगली वन विश्राम गृह से होने वाली आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वित्त वर्ष 2023-24 में यहां से 37,980 रुपये का राजस्व मिला था, जो 2025-26 में बढ़कर 1,81,500 रुपये हो गया। अप्रैल से सितंबर 2026 तक यहां से 1,21,122 रुपये की आय दर्ज की गई है।
इसके अलावा कोफर बहली झील के विकास के लिए तीन लाख रुपये और नरैण (सुंगरी) में ट्रेकर हट अथवा हॉबिट हाउस बनाने के लिए पांच लाख रुपये का प्रस्ताव है। रामपुर वन प्रभाग के विभिन्न वित्तीय प्रस्तावों में कुल 18,02,670 रुपये की राशि शामिल की गई है। फांचा-श्रीखंड मार्ग को भी पर्यटकों के लिए खोलने पर चर्चा की जाएगी।
किन्नौर वन प्रभाग के तहत कल्पा में चिकित्सा विभाग की पुरानी हेरिटेज इमारत को वन विश्राम गृह के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। भवन में रसोई, कमरे और भोजन कक्ष सहित ठहरने की सुविधाएं उपलब्ध हैं। मरम्मत, नवीनीकरण और फर्नीचर के लिए इको टूरिज्म सोसायटी से 10 लाख रुपये मांगे गए हैं।
करीब 110 वर्ष पुराने ब्रिटिशकालीन पूर्वनी वन विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए भी पांच लाख रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। इससे पर्यटकों और किन्नर कैलाश यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी।
सांगला वन विहार कैंपिंग साइट को वित्त वर्ष 2027-28 में पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से लीज पर देने का प्रस्ताव है। यहां 10 टेंट अथवा पहले से तैयार कमरे स्थापित किए जा सकते हैं। इसके अलावा कल्पा, निचार, रिकांगपिओ और शोल्टू के वन विश्राम गृहों को बाहरी एजेंसियों के माध्यम से संचालित करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
किन्नौर के प्रसिद्ध युल्ला कंडा ट्रेक और कल्पा के चाका कंडा में पर्यटकों की आवाजाही व्यवस्थित करने के लिए प्रवेश शुल्क लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है। युल्ला कंडा के लिए इको टूरिज्म उपनियम पहले ही तैयार किए जा चुके हैं। अब ग्रामीणों, मंदिर समिति, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक कर शुल्क की दरें तय करने की योजना है।
चाका कंडा में भी वित्त वर्ष 2027-28 से इसी व्यवस्था को लागू करने का प्रस्ताव है। शिल्टी-काकस्थल के समीप स्थित कूड़ा डालने के स्थल के सुधार और सौंदर्यीकरण के साथ पर्यटकों के लिए रास्ते में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की योजना भी बनाई गई है।
इन कार्यों के लिए जेएसडब्ल्यू की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) निधि का सहयोग लेने पर विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव के अनुसार, इको टूरिज्म सोसायटी की ओर से 25 लाख रुपये की शुरुआती राशि उपलब्ध करवाने पर शेष खर्च जेएसडब्ल्यू की सीएसआर निधि से पूरा किया जाएगा।
इको टूरिज्म से जुड़े पंजीकृत टैक्सी संचालकों, प्रशिक्षित नेचर गाइडों और सामुदायिक संगठनों का विवरण वेबसाइट पर उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। इससे पर्यटक क्षेत्र में उपलब्ध स्थानीय सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
वन विभाग की इन योजनाओं से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय युवाओं, महिला मंडलों और सामुदायिक संगठनों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
बैठक में तहसीलदार रामपुर योगेश कुमार, डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह, डीएफओ लूहरी हरदेव नेगी, डीएफओ किन्नौर अरविंद कुमार, डीएफओ कोटगढ़ निशांत पराशर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।