{"_id":"6b07fc663c6e642c3507d5ff","slug":"video-mandi-highway-affected-sharda-devi-compensation-mla-chander-shekhar-ends-protest-2026-11-26","type":"video","status":"publish","title_hn":"मंडी: हाईवे निर्माण से प्रभावित शारदा देवी को मिलेगा मुआवजा, विधायक चंद्रशेखर ने खत्म किया धरना","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मंडी: हाईवे निर्माण से प्रभावित शारदा देवी को मिलेगा मुआवजा, विधायक चंद्रशेखर ने खत्म किया धरना
हाईवे निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त मकानों और प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में सांकेतिक धरने पर बैठे धर्मपुर के कांग्रेस विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने अपना धरना समाप्त कर दिया है। जिला प्रशासन और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) के अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद विधायक ने यह फैसला लिया।
प्रशासन की ओर से कुम्हारड़ा निवासी शारदा देवी के क्षतिग्रस्त मकान का विस्तृत आकलन करवाकर मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया गया है। इसके लिए मोर्थ से संबंधित मामलों के निपटारे को गठित कमेटी नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करेगी। इसी रिपोर्ट के आधार पर मुआवजे की राशि तय करने और आगे की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई है।
विधायक चंद्रशेखर ठाकुर के धरने पर बैठने के बाद जिला प्रशासन और मोर्थ के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने हाईवे निर्माण के कारण क्षतिग्रस्त हो रहे मकानों का निरीक्षण किया और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इसके बाद उपायुक्त मंडी और मोर्थ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में प्रभावित परिवार को राहत देने के मुद्दे पर सहमति बनी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद विधायक ने सांकेतिक धरना समाप्त करने की घोषणा की।
विधायक चंद्रशेखर ठाकुर ने कहा कि शारदा देवी के मकान को हुए नुकसान का पूरा आकलन करवाया जाएगा। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर मुआवजे की राशि निर्धारित कर प्रभावित परिवार को राहत दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने मामले में तत्परता दिखाने और अधिकारियों को मौके पर भेजने के लिए उपायुक्त मंडी की सराहना भी की।
विधायक ने बताया कि हाईवे की खराब स्थिति, निर्माण कार्यों से मकानों को हो रहे नुकसान और प्रभावित परिवारों की समस्याओं पर चर्चा के लिए आठ से दस दिसंबर के बीच उच्चस्तरीय कमेटी की बैठक बुलाई जाएगी।
इस बैठक में सदर विधायक अनिल शर्मा और सरकाघाट के विधायक दलीप ठाकुर भी मौजूद रहेंगे। इसमें हाईवे निर्माण से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ प्रभावित परिवारों के मुआवजे के मामलों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
चंद्रशेखर ठाकुर ने हाईवे निर्माण से प्रभावित अन्य परिवारों से भी अपनी शिकायतें और नुकसान से संबंधित आवेदन जमा करवाने की अपील की है। प्रभावित लोग अपने आवेदन पंचायत प्रतिनिधियों, संबंधित एसडीएम, उपायुक्त कार्यालय या सीधे उनके पास दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इन आवेदनों को आगामी उच्चस्तरीय बैठक में कमेटी के समक्ष रखा जाएगा, ताकि प्रभावित परिवारों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई हो सके। विधायक ने कहा कि हाईवे निर्माण के कारण नुकसान झेल रहे परिवारों को राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।