{"_id":"6abf3593bb95027a6d0d1a9c","slug":"video-mandi-gandhi-jayanti-prabhat-pheri-raghupati-raghav-rajaram-2026-2026-10-02","type":"video","status":"publish","title_hn":"गांधी जयंती पर मंडी में निकली प्रभात फेरी, गूंजे 'रघुपति राघव राजाराम' के स्वर; सत्य-अहिंसा और स्वच्छता का दिया संदेश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गांधी जयंती पर मंडी में निकली प्रभात फेरी, गूंजे 'रघुपति राघव राजाराम' के स्वर; सत्य-अहिंसा और स्वच्छता का दिया संदेश
Ankesh Dogra
Updated Fri, 02 Oct 2026 10:26 AM IST
Link Copied
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर मंडी शहर में शुक्रवार सुबह गांधी जी के विचारों और आदर्शों को याद करते हुए भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। जिला प्रशासन मंडी की ओर से आयोजित इस प्रभात फेरी में सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
प्रभात फेरी सुबह करीब 6 बजे सेरी मंच से शुरू हुई। जैसे-जैसे प्रभात फेरी शहर के विभिन्न बाजारों से होकर आगे बढ़ी, गांधी जी के प्रिय भजन और देशभक्ति गीतों की गूंज से माहौल राष्ट्रप्रेम से भर गया।
प्रभात फेरी के दौरान महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान ‘महात्मा गांधी अमर रहें’, ‘लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें’, ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष भी गूंजते रहे।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से अनुमोदित कला दल के कलाकारों, स्कूली बच्चों, स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभात फेरी में भाग लिया। गांधी जी के प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजाराम’ के साथ देशभक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को भावनात्मक और राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया।
सेरी मंच से शुरू हुई प्रभात फेरी चौहाटा बाजार, मोती बाजार, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बालकरूपी मंदिर, सनातन धर्म सभा और पोस्ट ऑफिस होते हुए संकन गार्डन कॉम्प्लेक्स पहुंची।
संकन गार्डन कॉम्प्लेक्स में परिक्रमा के बाद प्रभात फेरी गांधी चौक पहुंची, जहां इसका औपचारिक समापन किया गया।
गांधी चौक पर गणमान्य व्यक्तियों और उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में गांधी जी के सत्य, अहिंसा और शांति के विचारों को याद करते हुए कहा गया कि आज के दौर में भी उनके सिद्धांत समाज के लिए बेहद प्रासंगिक हैं।
प्रभात फेरी के दौरान लोगों से अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया गया। उपस्थित लोगों ने स्वच्छता, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने तथा महात्मा गांधी के सपनों के भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि गांधी जी के विचार केवल जयंती तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इन्हें रोजमर्रा के जीवन में अपनाकर समाज को बेहतर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में राज्य जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, एपीएमसी मंडी के चेयरमैन संजीव गुलेरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष चम्पा ठाकुर, जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष अलकनंदा हांडा, पूर्व पार्षद कृष्णा टंडन समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा नगर की जानी-मानी हस्तियों, स्कूली बच्चों, एसडीएम सदर चन्द्र प्रकाश, तहसीलदार सदर और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने भी प्रभात फेरी में भाग लिया।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।