{"_id":"6b0551c093664e365a0de33d","slug":"video-mandavya-utsav-begins-in-mandi-with-grand-procession-2026-11-24","type":"video","status":"publish","title_hn":"छोटी काशी में गूंजे मांडव्य ऋषि के जयकारे, भव्य शोभायात्रा के साथ मांडव्य उत्सव शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छोटी काशी में गूंजे मांडव्य ऋषि के जयकारे, भव्य शोभायात्रा के साथ मांडव्य उत्सव शुरू
Ankesh Dogra
Updated Tue, 24 Nov 2026 02:28 PM IST
Link Copied
छोटी काशी मंडी में मांडव्य ऋषि की तपोस्थली और धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को समर्पित सात दिवसीय मांडव्य उत्सव का मंगलवार को भव्य आगाज हुआ। नगर निगम मंडी की ओर से आयोजित इस उत्सव की शुरुआत शोभायात्रा के साथ हुई। इस दौरान शहर में मांडव्य ऋषि के जयकारे गूंजे और माहौल भक्तिमय हो गया।
वर्ष 2024 में शुरू हुए इस उत्सव का आयोजन इस बार तीसरी बार किया जा रहा है। आगामी सात दिनों तक यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन होगा।
उत्सव के शुभारंभ पर नगर निगम की महापौर सुमन ठाकुर ने पार्षदों और निगम अधिकारियों के साथ सबसे पहले राज माधो राय मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद बाबा भूतनाथ मंदिर में माथा टेककर शोभायात्रा शुरू की गई।
शोभायात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों से होते हुए ब्यास नदी के तट पर स्थित मांडव शिला पहुंची। यहां विधिवत हवन-पूजन किया गया। इसके बाद भजन-कीर्तन के माध्यम से मांडव्य ऋषि का स्मरण किया गया और सुख-समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम में मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा भी विशेष रूप से शामिल हुए।
विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि नगर निगम ने तीन वर्ष पहले इस आयोजन की शुरुआत की थी। गुरु नानक जयंती के अवसर पर हर वर्ष आयोजित होने वाला यह उत्सव मंडी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी यह आयोजन लगातार जारी रहेगा, जिससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
पूर्व पार्षद राजेंद्र मोहन ने बताया कि वर्ष 2024 में तत्कालीन महापौर वीरेंद्र भट्ट ने मांडव्य उत्सव की परिकल्पना रखी थी। इसके बाद नगर निगम सदन ने सर्वसम्मति से आयोजन का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि छोटी काशी मंडी को मांडव्य ऋषि की तपोस्थली के रूप में जाना जाता है, लेकिन उनकी स्मृति में कोई विशेष आयोजन नहीं होता था। इसी उद्देश्य से उत्सव शुरू किया गया।
स्थानीय निवासी हरीश वैद्य ने कहा कि मांडव्य उत्सव को लेकर शहरवासियों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। ऐसे आयोजनों से मंडी की धार्मिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलती है। उत्सव में लोगों की बढ़ती भागीदारी इसे और व्यापक बना रही है।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।