{"_id":"6b094dcd2999c3ca1e0b5e2a","slug":"video-barmana-two-minor-girls-death-case-postmortem-aiims-bilaspur-questions-2026-11-27","type":"video","status":"publish","title_hn":"बिलासपुर: एम्स में फॉरेंसिक सुविधा होने के बावजूद सिविल अस्पताल में क्यों हुआ बच्चियों का पोस्टमार्टम? विधायक ने उठाए सवाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिलासपुर: एम्स में फॉरेंसिक सुविधा होने के बावजूद सिविल अस्पताल में क्यों हुआ बच्चियों का पोस्टमार्टम? विधायक ने उठाए सवाल
Ankesh Dogra
Updated Fri, 27 Nov 2026 03:43 PM IST
Link Copied
बरमाणा क्षेत्र में दो नाबालिग बच्चियों की मौत के मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम प्रक्रिया को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक त्रिलोक जमवाल ने एम्स बिलासपुर में फॉरेंसिक सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद दोनों बच्चियों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल में करवाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने मामले की जांच में कई अहम पहलुओं का खुलासा होना बाकी बताते हुए पुलिस से जल्द और निष्पक्ष जांच पूरी करने की मांग की है।
शुक्रवार को परिधि गृह बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में त्रिलोक जमवाल ने कहा कि 14 और 15 वर्ष की दोनों बच्चियों की मौत ने पूरे बिलासपुर को झकझोर कर रख दिया है। दोनों दसवीं कक्षा की छात्राएं थीं और अलग-अलग परिवारों से संबंध रखती थीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में हर पहलू की गंभीरता से जांच होनी चाहिए, ताकि बच्चियों की मौत के पीछे के वास्तविक कारण सामने आ सकें।
विधायक ने बताया कि दोनों बच्चियां 14 नवंबर को सुंदरनगर घूमने जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटीं। अगले दिन 15 नवंबर को भी उनका कोई पता नहीं चला। इसी दिन शाम करीब चार से पांच बजे के बीच दोनों ने घुमारवीं पुल से छलांग लगा दी।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां बनीं, जिनके चलते दोनों बच्चियों को इतना बड़ा कदम उठाना पड़ा। उन्होंने पुलिस से यह पता लगाने की मांग की कि घर से निकलने के बाद दोनों बच्चियां रात को कहां रुकी थीं और इस दौरान किन लोगों के संपर्क में रही थीं।
त्रिलोक जमवाल ने आशंका जताई कि इस मामले में किसी तरह के माफिया की भूमिका भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस को इस आशंका सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच करनी चाहिए और यह पता लगाना चाहिए कि बच्चियों के साथ घटना से पहले क्या परिस्थितियां बनी थीं।
विधायक ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब एम्स बिलासपुर में फॉरेंसिक की सुविधा उपलब्ध है तो दोनों बच्चियों के शव वहां क्यों नहीं भेजे गए? सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने का निर्णय क्यों लिया गया? उन्होंने यह भी पूछा कि पोस्टमार्टम विशेषज्ञों से क्यों नहीं करवाया गया।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम प्रक्रिया से जुड़े इन सवालों का जवाब मिलना चाहिए। मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
त्रिलोक जमवाल ने कहा कि उन्होंने इस मामले को विधानसभा में भी उठाया था और मुख्यमंत्री से मांग की थी कि इसकी जांच उच्च स्तर के अधिकारी से करवाई जाए। हालांकि, जांच उच्च अधिकारी को सौंपे जाने के बावजूद उन्हें अब तक जांच संतोषजनक नहीं लग रही है।
उन्होंने पुलिस से आग्रह किया कि जांच में किसी तरह की देरी न हो और सभी संभावित पहलुओं को गंभीरता से खंगाला जाए।
विधायक ने कहा कि अगर जांच जल्द और निष्पक्ष तरीके से पूरी नहीं होती और भाजपा को इसमें किसी तरह की आशंका नजर आती है तो पार्टी बच्चियों को न्याय दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि यह केवल दो परिवारों का मामला नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र की भावनाएं इससे जुड़ी हैं। लोगों को भरोसा होना चाहिए कि इस मामले में निष्पक्ष जांच होगी और सच्चाई सामने आएगी।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।