{"_id":"6aa96e611b5006089a0d23ff","slug":"video-sonipat-farmers-protest-over-compensation-for-power-grids-high-tension-line-2026-09-15","type":"video","status":"publish","title_hn":"सोनीपत: पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइन के मुआवजे को लेकर किसानों का हल्ला बोल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सोनीपत: पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइन के मुआवजे को लेकर किसानों का हल्ला बोल
सोनीपत। पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइन के लिए जमीन के मुआवजे समेत विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को किसानों ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया। छह गांवों के सैकड़ों किसान छोटूराम धर्मशाला में एकत्रित हुए और मार्च निकालते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। प्रशासन की ओर से अंदर जाने की अनुमति नहीं मिलने पर किसान मुख्य प्रवेश द्वार पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। वह दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक उपायुक्त नेहा सिंह से मिलने की मांग करते रहे। उपायुक्त रोहतक मंडल आयुक्त की बैठक में गई थी। वहां से शाम को लौटने पर उपायुक्त ने किसानों से उनका ज्ञापन लिया।
भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर के नेता अभिमन्यु कोहाड़ के नेतृत्व में किसान पहुंचे। अभिमन्यु कोहाड़ ने कहा कि आंवली, बिलबिलान, भैंसवाल, गुहणा, मोहाना और जाजी गांवों की जमीन से 400 केवी की हाईटेंशन लाइन सिवानी से जाजी तक जा रही है। किसानों के अनुसार, इसके लिए करीब 80 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा निर्धारित किया गया है, जबकि क्षेत्र में जमीन के बढ़ते मूल्य को देखते हुए उन्हें पांच करोड़ रुपये प्रति एकड़ मुआवजा मिलना चाहिए।
किसानों ने कहा कि हाईटेंशन लाइन के मुआवजे को लेकर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के साथ बैठक हो चुकी है। बैठक में किसानों की 10 मांगों पर चर्चा हुई थी और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया था। किसानों ने अधिकारियों से सवाल किया कि यदि ऊपर से आदेश पहुंच चुके हैं तो अब तक उन पर कितनी कार्रवाई हुई है।
धान खरीद और ‘मेरी फसल, मेरा ब्यौरा’ का मुद्दा भी उठाया
किसानों ने पीआर धान की खरीद जल्द शुरू करने और एमएसपी पर खरीद सुनिश्चित करने की मांग की। किसान नेता अभिमन्यु कोहड़ ने कहा कि खरीद के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। किसानों ने आरोप लगाया कि धान खरीद करने वाले सेलर कई बार किसानों को अलग-अलग कारणों से परेशान करते हैं। सरकार को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि किसानों को फसल बेचने में परेशानी न हो।
किसानों ने ‘मेरी फसल, मेरा ब्यौरा’ पोर्टल दोबारा खोलने की मांग भी की, ताकि जिन किसानों का फसल पंजीकरण नहीं हो पाया है, वे पंजीकरण करा सकें। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र के तेजी से विस्तार को देखते हुए कलेक्टर रेट बढ़ाने की मांग की गई, जिससे जमीन अधिग्रहण की स्थिति में किसानों को उचित मुआवजा मिल सके।
7 जून से गुहणा में चल रहा धरना
किसानों ने बताया कि पावर ग्रिड की हाईटेंशन लाइन के मुआवजे के विरोध में सात जून से गांव गुहणा में लगातार धरना चल रहा है। किसानों का कहना है कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन के बाद किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मुआवजा बढ़ाने समेत अन्य मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की। इस दौरान बेदी दहिया, युद्धविंद्र महला, शक्ति दहिया, राजबीर लोहचब, सतपाल काजला, कैप्टन बिजेंद्र दहिया, दिलबाग, दशरथ मलिक, संदीप गहलावत, देवेंद्र गहलावत, राजसिंह मलिक, राजसिंह दहिया, प्रवीण दहिया, इंद्रजीत राणा, वीरेंद्र खोखर भी मौजूद रहे।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।